Delhi: 5 करोड़ की हेरोइन के साथ नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया आरोपित
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित उत्तम नगर के आनंद विहार इलाके में एक तस्कर को उक्त ड्रग्स आपूर्ति करने जा रहा था। इससे पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे ड्रग्स के साथ दबोच लिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित उत्तम नगर के आनंद विहार इलाके में एक तस्कर को उक्त ड्रग्स आपूर्ति करने जा रहा था। इससे पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे ड्रग्स के साथ दबोच लिया। उसके पास से 1.10 किलो उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि बाजार में इसकी कीमत पांच करोड़ रुपये हो सकती है।
जानें पूरा मामला
विशेष आयुक्त क्राइम ब्रांच रवींद्र सिंह यादव के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्कर का नाम पास्कल एजिगबो उर्फ प्रिंस है। वह नाइजीरिया का रहने वाला है। इसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ से पता चला कि पास्कल एजिगबो 2009 में तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद वह अवैध रूप से भारत में अलग-अलग जगहों पर नाम बदलकर छिपकर रह रहा था। वर्तमान में वह उत्तम नगर में रहकर ड्रग्स तस्करी कर रहा था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी दूसरे धंधे की आड़ में नशीले पदार्थों की सप्लाई में लगे हुए हैं। उक्त इनपुट को विकसित करने के दौरान पुलिस को नाइजीरियाई तस्कर के बारे में पता चला।
पॉलीथिन बैग में हेरोइन लेकर जा रहा था आरोपित
पुलिस को पता चला कि नाइजीरियाई ड्रग्स सप्लायर पास्कल एजिगबो किसी को ड्रग्स की आपूर्ति के लिए खेड़ा पार्क के पास, आनंद विहार, उत्तम नगर आने वाला है। संयुक्त आयुक्त एसडी मिश्रा व एसीपी राज कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अभिजीत और सतीश, एएसआई सुरेश, रणधीर, संजय, कृष्ण, जोगिंदर, नरेंद्र डोगरा, अनिल, हवलदार रोहताश, रामनिवास, महिपाल और सिपाही मेहताब की टीम ने 26 जनवरी को आरोपित को ड्रग्स के साथ दबोच लिया। वह पॉलीथिन बैग में हेरोइन लेकर किसी को आपूर्ति करने जा रहा था।