Delhi Crime: अपहरण कर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल को तिगड़ी थाने में 13 साल की एक लड़की की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पहली मई को पुलिस को पता चला कि शाहरूख नाम के एक आटो चालक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग लड़की का अपहरण किया था।
नई दिल्ली [रजनीश पांडेय]। संगम विहार के तिगड़ी इलाके से नाबालिग लड़की का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। तिगड़ी थाना पुलिस ने तीन आराेपितों को गिरफ्तार किया है। चौथा आरोपित नाबालिग है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तिगड़ी निवासी मोहित (20), आकाश (19) व संगम विहार निवासी शाहरूख (20) के रूप में हुई है। पांचवां आरोपित सलमान अभी फरार है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त आटो भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को तिगड़ी थाने में 13 साल की एक लड़की की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पहली मई को पुलिस को पता चला कि शाहरूख नाम के एक आटो चालक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग लड़की का अपहरण किया था और तीन दिन तक सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे तिगड़ी इलाके में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पहले एक नाबालिग आरोपित को पकड़ा। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर मोहित और आकाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया लेकिन लड़की की पहचान नहीं बताई।
पुलिस द्वारा लगाए गए गुमशुदा लड़की के पोस्टर पर छपे पुलिसकर्मी के नंबर पर दो मई को एक महिला ने सूचना दी कि वह साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक लड़की के साथ खड़ी है जिसके गुमशुदा होने के पोस्टर शहर में कई जगह लगे हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने संगम विहार निवासी नाबालिग को बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि उसने ड्रग्स ले रखा था। मेडिकल जांच में पता चला कि नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य आरोपित शाहरूख को भी गिरफ्तार कर लिया।
आटो चालक ने किया था अपहरण
आरोपितों ने बताया कि वारदात वाले दिन शाम करीब पांच बजे पीड़िता ने शनि बाजार जाने के लिए अपने घर के पास से आटो लिया था। आटो शाहरूख चला रहा था। शाहरूख ने शनि बाजार ले जाने की बजाय रास्ते में अपने दो दोस्तों को फोन कर बुलाया और तीनों पीड़िता को लेकर ओखला चले गए और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित उसे जेजे कैंप ले गए जहां एक अन्य आरोपित सलमान ने भी उससे दुष्कर्म किया। फिर पांचों उसे मथुरा के कोसीकलां ले गए। वहां एक दिन रखा और अगले दिन सुबह उसे तिगड़ी लाकर छोड़ गए। इसके बाद पीड़िता पिता के डर से घर जाने की बजाय साकेत मेट्रो स्टेशन चली गई। वहां मिली एक महिला ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी।