Moser Baer Case: दिल्ली कोर्ट ने रतुल पुरी की न्यायिक हिरासत 17 अक्टूबर तक बढ़ाई
दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने मोजर बेयर मामले में गिरफ्तार किए गए कारोबारी रतुल पुरी की न्यायिक हिरासत 17 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी है।
नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने मोजर बेयर (Moser Baer case) मामले में गिरफ्तार किए गए कारोबारी रतुल पुरी की न्यायिक हिरासत 17 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी है। इससे कोर्ट ने तीन अक्टूबर तक के लिए उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाई थी।
रतुल पुरी बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत हैं। इसके अलावा वे अगस्ता वेस्टलैंड मामले में भी न्यायिक हिरासत में हैं।
यह है पूरा मामला
सीबीआइ ने 17 अगस्त को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शिकायत पर कारोबारी रतुल पुरी, दीपक पुरी और नीता पुरी के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोप है कि इन्होंने कागजों से छेड़छाड़ कर 354 करोड़ रुपये का लोन लिया गया। सीबीआइ के बाद ईडी ने भी केस दर्ज किया था। इसके बाद 20 अगस्त को रतुल पुरी को गिरफ्तार किया गया था।
अगस्ता वेस्टलैंड में ऐसे कसा शिकंजा
3600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड केस से जुड़े मनी लॉड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बने बिचौलिये और दुबई के कारोबारी राजीव सक्सेना से पूछताछ में रतुल पुरी का नाम सामने आया था। इसके बाद ईडी ने उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। बता दें कि फरवरी 2010 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने ब्रिटिश-इटैलियन कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड के साथ वीवीआईपी हेलिकॉप्टर खरीद का सौदा किया था। इसके तहत 12 हेलिकॉप्टरों की खरीद होनी थी। रतुल पूरी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे हैं।