Delhi Coronavirus: प्रवेश वर्मा के राहत सामग्री से भरे सात ट्रकों को नड्डा ने किया रवाना, जरूरतमंदों में बटेंगे चार लाख फेस शील्ड
प्रवेश वर्मा ने बताया कि इन ट्रकों में चार लाख फेस शील्ड हैं जो निगम के डाक्टरों नर्स व पुलिसकर्मियों को दिए जाएंगे। इसके अलावा डाक्टरों के लिए एक लाख एन-95 मास्क और पांच हजार आक्सीजन कैनुला सरकारी अस्पतालों को दिए जाएंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। केंद्र में मोदी सरकार के सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के 'सेवा ही संगठन' अभियान के तहत पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने दिल्लीवासियों के लिए सात ट्रक राहत सामग्री उपलब्ध कराई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कोरोना से बचाव के लिए मास्क, फेस शील्ड और अन्य राहत सामग्री से भरे ये ट्रक रवाना किए।
संस्था राष्ट्रीय स्वाभिमान की ओर से मुहैया कराई गई सामग्री
प्रवेश वर्मा की संस्था राष्ट्रीय स्वाभिमान की ओर से मुहैया कराई गई ये सामग्री दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंदों को बांटी जाएगी। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा के कार्यकर्ता जगह-जगह पर लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराकर इस दिवस को 'सेवा ही संगठन' के रूप में मना रहे हैं। प्रवेश वर्मा द्वारा कोरोना काल में लोगों की मदद करना सराहनीय है।
चार लाख फेस शील्ड बांटे जाएंगे
प्रवेश वर्मा ने बताया कि इन ट्रकों में चार लाख फेस शील्ड हैं, जो निगम के डाक्टरों, नर्स व पुलिसकर्मियों को दिए जाएंगे। इसके अलावा डाक्टरों के लिए एक लाख एन-95 मास्क और पांच हजार आक्सीजन कैनुला सरकारी अस्पतालों को दिए जाएंगे। राहत सामग्री में जरूरतमंद लोगों के लिए पांच हजार राशन किट भी हैं।
पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में नौ कोविड सेंटर में 355 आक्सीजन बेड की सुविधा
वर्मा ने कहा कि पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में उन्होंने नौ कोविड केयर सेंटर बनवाए हैं, जिनमें 355 से अधिक आक्सीजन बेड हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से क्षेत्र के सभी 45 वार्डो और 42 गांवों में जरूरतमंद लोगों को घर पर ही आक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खाना, आक्सीजन और अन्य उपकरण उपलब्ध कराकर लोगों की मदद करने का प्रयास किया है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संकट की इस घड़ी में लोगों के साथ खड़ा है।