यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi News: इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए खुशखबरी, दिल्ली को मिलेंगे 140 नए चार्जिंग प्वाइंट
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार 27 जून को 140 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट का शुभारंभ करने वाले हैं। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए यह खबर काम की है। दिल्ली को मंगलवार, 27 जून को 140 और नए चार्जिंग प्वाइंट मिलने जा रहे हैं, इसी दिन से 48 बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं भी शुरू हो जाएंगी।
दिल्ली में भारत का 4500 सार्वजनिक चार्जिंग प्वाइंट का सबसे बड़ा नेटवर्क है। दिल्ली में सबसे सस्ती सार्वजनिक चार्जिंग केवल तीन रुपये प्रति यूनिट है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इनका शुभारंभ करेंगे। अपने ईवी को वाहन चालक केवल तीन रुपये यूनिट पर चार्ज कर सकेंगे।
दिल्ली में 42 स्थानों पर भारत में सबसे कम चार्जिंग दाम वाले ये स्टेशन तैयार किए गए हैं। दिल्ली में अभी 62 बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं हैं। दिल्ली में जैसे-जैसे इलेक्ट्रिक वाहन बढ़ते जा रहे हैं, उससे इलेक्ट्रिक चार्जर की जरूरत महसूस की जा रही है।
2025 तक तैयार होंगे 18 सौ चार्जिंग प्वाइंट
दिल्ली सरकार की योजना 2025 तक 18,000 चार्जिंग प्वाइंट को तैयार करने की है। दिल्ली सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सात अगस्त 2020 को दिल्ली ईवी नीति को लांच किया था।
सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद से जुड़े शुरुआती लागत के बोझ को कम करने के लिए पर्याप्त सब्सिडी दी है।
इलेक्ट्रिक कारों के लिए 1.5 लाख रुपये, ई-रिक्शा के लिए 30,000 रुपये और दोपहिया वाहनों के लिए 5,000 रुपये प्रति केडब्ल्यूएच की सब्सिडी प्रदान की गई। अब तक 1.2 लाख ईवी के लिए 120 करोड़ की कुल टैक्स छूट दी गई है और अब तक सब्सिडी में 169 करोड़ रुपये से अधिक दिए गए हैं।
दिल्ली में ईवी चलाना सबसे सस्ता
- दोपहिया वाहनों के लिए सात पैसे प्रति किमी।
- तिपहिया वाहनों के लिए आठ पैसे प्रति किमी l
- चार पहिया वाहनों के लिए 33 पैसे प्रति किमी l
- दिल्ली में कहीं भी चार्जर लगाने के लिए सिंगल विंडो सुविधा हैl
- दिल्ली सरकार के अनुसार सिंगल विंडो के तहत लगाए गए देश के सबसे सस्ते चार्जर, सिंगल विंडो के तहत 2500 रुपये में उपलब्ध हैं।
