सीएम केजरीवाल ने कोरोना योद्धा सुनीता के पति को सौंपा एक करोड़ का चेक
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना से जान गंवाने वाली पूर्वी दिल्ली नगर निगम की सफाई कर्मचारी सुनीता के स्वजन से सोमवार को मुलाकात कर एक करोड़ रुपये सहायता राशि का चेक सौंपा। सुनीता वर्ष 1995 में पूर्वी दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी नियुक्त हुई थीं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना से जान गंवाने वाली पूर्वी दिल्ली नगर निगम की सफाई कर्मचारी सुनीता के स्वजन से सोमवार को मुलाकात कर एक करोड़ रुपये सहायता राशि का चेक सौंपा। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने कोरोना से जान गंवाने वाले अब तक 18 योद्धाओं के स्वजन को आर्थिक सहायता प्रदान की है, इनमें से दो सफाई कर्मचारी हैं। पूरे देश में केवल दिल्ली सरकार ने ऐसा किया है। अपने सफाई कर्मचारियों की मेहनत और उनके योगदान के लिए दिल्ली सरकार उनकी आभारी है।
सुनीता वर्ष 1995 में पूर्वी दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी नियुक्त हुई थीं। अजीत नगर इलाके में वह सेवाएं दे रही थीं।कोरोना काल के दौरान 25 मार्च से चार मई 2020 तक लाकडाउन के दौरान सुनीता ने कंटेनमेंट जोन में ड्यूटी करने के अलावा होम क्वारंटाइन लोगों की सेवा की थी।
ड्यूटी के दौरान कोरोना की चपेट में आने पर उन्हें 10 मई 2020 को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान 15 मई 2020 को उनकी मौत हो गई थी।
सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सीलमपुर में सुनीता के घर पहुंचे। उनके पति ओमपाल व बेटे को मिलकर सांत्वना दी। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि सुनीता ने लोगों की सेवा करते हुए अपनी जान की बाजी लगा दी। उनकी जान की कीमत नहीं लगाई जा सकती, लेकिन दिल्ली सरकार ने उनके स्वजन की मदद के लिए एक करोड़ रुपये का चेक दिया है। बता दें, सुनीता के पति ओमपाल सफाई कर्मचारी हैं और बेटा एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रहा है।