भाजपा सरकार में हुए सबसे ज्यादा विकास कार्य, समाज के हर वर्ग को मिलेगा लाभ: मनोज तिवारी
मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 48 महीने में जनता के हित में विकास के जितने कार्य किए, उतने कार्य गैर भाजपा सरकारों ने 48 वर्षों में नहीं किया।
नई दिल्ली [जेएनएन]। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति और मजबूत करने के लिए यमुना विहार में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान वह कई सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के घर गए और केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने दधीचि गो सेवा समिति के प्रधान राजकुमार गर्ग और श्याम बाबा सेवा समिति के पदाधिकारी दीपक अग्रवाल के घर जाकर केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
भाजपा ने किए विकास कार्य
मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 48 महीने में जनता के हित में विकास के जितने कार्य किए, उतने कार्य गैर भाजपा सरकारों ने 48 वर्षों में नहीं किया। इन विकास कार्यों के बारे में दिल्ली और देश में की जनता के बीच जानकारी पहुंचाना जरूरी है। इसलिए सरकार के मंत्री, सांसद, अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी इस काम को अंजाम देने के लिए पूरी शिद्दत से जुटे हैं।
समाज के हर वर्ग को मिलेगा लाभ
संपर्क अभियान के दौरान समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की नीतियों को पहुंचाया जाएगा और पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए हर समाज के व्यक्तियों को जोड़ा जाएगा। तिवारी ने कहा कि सरकार की नीतियां जब जन-जन तक पहुंचेंगी तो न सिर्फ उसका लाभ समाज के हर वर्ग को मिलेगा, बल्कि लोकसभा चुनाव 2019 में पार्टी को अपार जनसमर्थन भी मिलेगा।
संपर्क कार्यालय में जांच शिविर लगाया
सांसद के संपर्क कार्यालय में आंख-कान जांच शिविर लगा था। इसमें 500 लोगों ने जांच कराई। इनमें 470 लोगों को चश्मे दिए गए, जबकि कान की मशीन व दवाइयां भी बांटी गईं। इस दौरान सांसद मनोज तिवारी ने मौके पर मौजूद लोगों की समस्याएं भी सुनीं और समाधान के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल को झटका, AAP सरकार में पूर्व मंत्री रहे कपिल मिश्रा भाजपा में हो सकते हैं शामिल