यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM रेखा गुप्ता के पति ने किया ऐसा काम, अब विवादों में घिरी दिल्ली सरकार; BJP मौन
दिल्ली भाजपा सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति के सरकारी बैठकों में शामिल होने से विवादों में है। आप पार्टी ...और पढ़ें

HighLights
- सीएम के पति की बैठकों में भागीदारी
- आप ने भाजपा पर साधा निशाना
- दिल्ली सरकार की पंचायत से तुलना
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता के सरकारी बैठकों में शामिल होने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही है। आम आदमी पार्टी ने इसे लेकर लगातार दूसरे दिन भाजपा पर हमला बोला है।
आप ने कहा कि दिल्ली में दो सरकारें चल रही हैं, एक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की और दूसरी मुख्यमंत्री के पति की सरकार। आप के इस आरोप पर दिल्ली सरकार और भाजपा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की बैठक की यह तस्वीर रविवार को उनके एक्स अकाउंट से पोस्ट की गई थी।
आप ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा था और एक कथित तस्वीर शेयर की थी जिसमें उनके पति मनीष गुप्ता उनके बगल में बैठे थे और प्रशासन की तुलना फुलेरा की पंचायत से की थी।
दरअसल, एक्स पर यह तस्वीर पोस्ट करते हुए आप ने लिखा था कि क्या दिल्ली में फुलेरा की पंचायत सरकार चल रही है? मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक बैठक करती हैं जिसमें कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल होते हैं। लेकिन उनके पति मुख्यमंत्री के बगल वाली कुर्सी पर बैठते हैं।
आप ने आधिकारिक सरकारी बैठकों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति की मौजूदगी को "पूरी तरह से असंवैधानिक" करार दिया है। दिल्ली सरकार की तुलना लोकप्रिय वेब सीरीज़ "पंचायत" से करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि दिल्ली सरकार फुलेरा पंचायत बन गई है।
आप ने सोमवार को भी यह मुद्दा उठाया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में दो सरकारें चल रही हैं, एक दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और दूसरी उनके पति की सरकार। आप के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर सीएम रेखा गुप्ता पर तंज कसा।
