'गरीब विरोधी हैं केजरीवाल, आयुष्मान योजना से दिल्ली के लोगों को वंचित कर रही है सरकार'
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का विरोध कर अरविंद केजरीवाल सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह गरीब विरोधी हैं।
नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को देशभर के आशा, सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम), आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभ उठाने वालों से सीधा संवाद किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनने के लिए दिल्ली प्रदेश भाजपा की ओर से पूर्वी पटेल नगर के पूजा पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली सरकार गरीबों को आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित कर रही है।
देश के 55 करोड़ लोगों को मिलेगा लाभ
नड्डा ने कहा कि 23 सितंबर को झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत करेंगे। इसका लाभ देश के 55 करोड़ लोगों को मिलेगा। गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। दुर्भाग्य है कि इस योजना में दिल्ली शामिल नहीं है। यहां की सरकार इस योजना को लागू करने के प्रति गंभीर नहीं है। यह दुखद है कि एक सरकार दिल्ली के लाखों लोगों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
केजरीवाल गरीब विरोधी हैं
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का विरोध कर अरविंद केजरीवाल सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह गरीब विरोधी हैं। दिल्ली के लाखों गरीब परिवारों के साथ भाजपा खड़ी है। नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री की लाभकारी योजनाओं का उपयोग कर रहा है। वहीं दिल्ली सरकार इन योजनाओं और दिल्ली के लोगों के बीच बड़ी बाधा बनकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि हम इस मुश्किल से दिल्ली को निजात दिलाएंगे और केंद्र सरकार की लाभकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
सेतु का काम करेगी भाजपा
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पार्टी योजनाओं और दिल्ली की जनता के बीच सेतु का काम करेगी। इस मौके पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण मदान, पार्षद रमेश कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थे।