उत्तर प्रदेश के इस पूर्व इंजीनियर की 208 करोड़ की बेनामी संपत्ति दिल्ली में अटैच
यूपीएसआइडीसी के पूर्व मुख्य अभियंता अरुण कुमार मिश्र की 208 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति को अस्थायी तौर पर अटैच कर दिया गया।
नई दिल्ली, एएनआइ। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड [यूपीएसआइडीसी] के पूर्व मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) व टाउन प्लानर अरुण कुमार मिश्र की 208 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति को अस्थायी तौर पर अटैच कर दिया गया। यह संपत्ति पृथ्वी राज रोड नई दिल्ली पर स्थित है।
यह कार्रवाई दिल्ली बेनामी निषेध इकाई(Delhi Benami Prohibition Unit) ने बुधवार को की है। इस कार्रवाई के बाद अब अरुण कुमार मिश्र की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
बता दें कि यूपीएसआइडीसी के प्रबंध निदेशक रणवीर प्रसाद ने मुख्य अभियंता अरुण मिश्रा और लखनपुर स्थित मुख्यालय में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक परियोजना एके त्रिवेदी को अप्रैल 2018 में निलंबित कर दिया गया था। अरुण पर चार भूखंडों का भू उपयोग परिवर्तन (परियोजना परिवर्तन) करने का आरोप है। अरुण पर दिल्ली से सटे गाजियाबाद और गौतमबुध नगर में गैर कानूनी तरीके से भूखंडों का भू उपयोग परिवर्तन (परियोजना परिवर्तन) कर करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप है।