दिल्ली विधानसभा का आएगा अपना न्यूज चैनल, केजरीवाल सरकार की नई पहल
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि वह सभी को साथ में लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। हमने कभी विपक्ष के साथ भेदभाव नहीं किया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर रामनिवास गोयल ने विधानसभा सत्र को बेहतर ढंग से चलाना ही प्राथमिकता बताया। इसके साथ ही उन्होंने जोड़ा कि दिल्ली विधानसभा को अलग पहचान देने की उनकी कोशिश भी जारी रहेगी। इसके तहत उनका लक्ष्य दिल्ली विधानसभा का एक न्यूज चैनल लाना है जिस पर केवल विधानसभा से संबंधित खबरें दिखाई जाएंगी। गोयल ने बताया कि उन्होंने इसके लिए पिछले कार्यकाल में भी प्रयास किया था। केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। मगर केंद्र ने उनकी योजना को निरस्त कर दिया था। इस बारे में अब फिर से विचार करेंगे कि इसे किस तरह से पूरा किया जाए।
गोयल ने कहा कि पिछले कार्यकाल में उन्होंने कई कार्य कराए हैं। इनमें महत्वपूर्ण योजना विधानसभा को पेपरलेस किया जाना है। इस योजना पर जल्द ही काम होगा। अगले कुछ दिन में ही इस बारे में वह समीक्षा बैठक बुलाएंगे।
विपक्ष को दिए जाएगा समय
गोयल ने कहा कि वह सभी को साथ में लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। हमने कभी विपक्ष के साथ भेदभाव नहीं किया है। विपक्ष जनता की समस्याओं और उचित मुद्दों को उठाता है तो उसे बिल्कुल समय दिया जाएगा, मगर यदि छींटाकशी, आरोप-प्रत्यारोप और फिजूल की बातें की जाएंगी तो इसके लिए समय नहीं दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि रामवीर सिंह बिधूड़ी और मोहन सिंह बिष्ट दोनों अनुभवी विधायक हैं, सदन सही ढंग से चल सकेगा।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने विधायक रामनिवास गोयल के नाम का प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष के लिए रखा। इसका विधायक कुलदीप कुमार, सत्येंद्र जैन, प्रवीण कुमार, दिनेश मोहनिया, एसके बग्गा, विशेष रवि और राघव चड्ढा ने समर्थन किया। इसके बाद ध्वनि मत से प्रस्ताव को पास कर दिया गया।