Move to Jagran APP

Delh MCD Election 2022: AAP के वोट बैंक पर भाजपा की नजर, निगम चुनाव जीतने के लिए बनाया ये प्लान

Delh MCD Election 2022 दिल्ली में लगभग साढ़े छह सौ झुग्गी बस्ती हैं जिनमें आप की मजबूत पकड़ है। भाजपा की कोशिश आप के इस वोट बैंक में सेंध लगाने की है। झुग्गियों में छठ पूजा के बहाने उन्हें अपने साथ लाने में मदद मिलेगी।

By Mangal YadavEdited By: Published: Tue, 12 Oct 2021 07:06 AM (IST)Updated: Tue, 12 Oct 2021 07:39 AM (IST)
Delh MCD Election 2022: AAP के वोट बैंक पर भाजपा की नजर, निगम चुनाव जीतने के लिए बनाया ये प्लान
प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता करेंगे झुग्गी बस्तियों में प्रवास

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा की नजर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले मतदाताओं पर है। इन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता झुग्गी बस्तियों में प्रवास करके वहां के लोगों से संवाद करेंगे। उनकी समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाने के साथ ही वहां के प्रभावशाली लोगों को पार्टी में शामिल करने की कोशिश की जाएगी जिससे कि आने वाले निगम चुनावों में मत फीसद बढ़ाया जा सके। 15 अक्टूबर से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी और इसे सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है।

loksabha election banner

कुछ माह बाद नगर निगम चुनाव होने हैं। भाजपा लगातार 15 वर्षों से निगम पर काबिज है। पार्टी के सामने चौथी बार जीत दोहराने की चुनौती है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) की नजर दिल्ली की सत्ता के बाद अब तीनों निगमों पर है। आप नेता रोजाना किसी न किसी मुद्दे पर भाजपा शासित निगमों को घेर रहे हैं। कांग्रेस भी निगमों में बेहतर प्रदर्शन करके अपनी खोई सियासी जमीन को फिर से हासिल करने की कोशिश में है।

कांग्रेस हाई कमान ने हरियाणा के कई विधायकों को यह जिम्मेदारी दी है। दोनों पार्टियों की सियासी गतिविधियों को ध्यान में रखकर भाजपा भी अपनी चुनावी तैयारी को धार देने में जुट गई है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि निगम चुनाव में जीत हासिल करने के लिए झुग्गी बस्तियों में रहने वालों का साथ जरूरी है। दिल्ली में लगभग साढ़े छह सौ झुग्गी बस्ती हैं जिनमें आप की मजबूत पकड़ है।

भाजपा की कोशिश आप के इस वोट बैंक में सेंध लगाने की है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि पिछले निगम चुनाव और लोक सभा चुनाव में झुग्गियों से भाजपा उम्मीदवारों को समर्थन मिला था, लेकिन विधानसभा चुनाव में वहां के मतदाता फिर से दूर हो गए थे। उन्हें साथ लाने की जरूरत है। इसी कोशिश में प्रदेश अध्यक्ष का यह कार्यक्रम तैयार किया गया है।

अध्यक्ष के प्रवास का कार्यक्रम इस समय शुरू करने के पीछे भी रणनीति है। इस समय छठ पूजा को लेकर दिल्ली का सियासी माहौल गर्म है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा आयोजन पर रोक लगा दी है। भाजपा इसका विरोध कर रही है।

झुग्गियों में भी बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और छठ पूजा के बहाने उन्हें अपने साथ लाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पानी, सीवर, बुनियादी जरूरत की कमी के मुद्दे भी उठाए जाएंगे। यह कोशिश होगी कि अध्यक्ष सभी बड़ी झुग्गी बस्तियों में पहुंच सकें। लोगों को गरीबों के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। यह भी बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना सहित केंद्र की किन योजनाओं से दिल्ली सरकार उन्हें वंचित रख रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.