DCW चीफ स्वाति जयहिंद ने क्यों की हरियाणा के सीएम पर FIR की मांग, पढ़िए- पूरी खबर
दिल्ली महिला आयोग (Delhi commission for women) की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कश्मीर की लड़कियों को लेकर दिए गए बयान की निंदा की है।
नई दिल्ली, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कश्मीर की लड़कियों को लेकर दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। दिल्ली महिला आयोग (Delhi commission for women) की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कश्मीर की लड़कियों को लेकर दिए गए बयान की निंदा करने के साथ दिल्ली पुलिस को नोटिस देकर कहा है कि मनोहर लाल खट्टर के साथ दिल्ली भाजपा नेता विजय गोयल के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। उन्होंने ट्विट किया है- 'उनके महिला विरोधी कार्य & बोल से न सिर्फ़ कश्मीरी महिलाओं की भावना आहत हुई है बल्कि देश की। पूरा देश आज 370 मुद्दे पे PM के साथ है। ऐसे में हिंसा भड़काने वाले नेताओं पे FIR ज़रूर होनी चाहिए!'
इससे पहले अपने लगातार दो ट्विट में स्वाति ने कहा है- ' शर्म आनी चाहिए @mlkhattar को इस वाहयात बयान पे! सड़क छाप रोमीओ की भाषा मुख्यमंत्री बोल रहा है! महिला इनके लिए वस्तु है! PM कश्मीर के लोगों को विश्वास दिलाने में लगे हैं की पूरा देश उनके साथ है, तब ये नालायक़ CM अभद्र बातें कर हिंसा भड़का रहा है! इनपे हर हाल में FIR होनी चाहिए!'
इसके बाद अन्य ट्विट में भी स्वाति ने हमला बोला है- 'छी! कितनी घटिया सोच है। हिम्मत है तो अपनी बेटी की तस्वीर घर के बोर्ड पे लगाओ। एक तरफ़ हमारे PM कश्मीर का दिल जीतने की कोशिश कर रहे है, दूसरी तरफ़ उनके मंत्री कश्मीरी लड़कियों के प्रति अपनी गंदी सोच उजागर कर रहे हैं! कार्यकर्ताओं की क्या ग़लती जब नेता ही ऐसी ओछी सोच रखते हैं।'
गौरतलब है कि कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद अब लड़कियों को शादी के लिए कश्मीर से लाया जा सकता है। खट्टर ने कहा कि हमारे मंत्री ओपी धनखड़ कहते थे कि बिहार से बहू लाएंगे, आजकल लोग कहने लगे हैं कश्मीर का रास्ता साफ हो गया है अब कश्मीर से लड़की लाएंगे।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप