दैनिक जागरण संस्कारशाला: बच्चों ने सीखा- 'घमंड करने वाला व्यक्ति हो जाता है अप्रिय'
यमुना विहार सी 1 ब्लॉक स्थित डॉ. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय ने भी ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें घमंड का चक्रव्यूह विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान पर घमंड न करने की सीख दी गई।
नई दिल्ली, रितु राणा। दैनिक जागरण हर वर्ष स्कूली बच्चों को अच्छे संस्कारों की सीख देने के उद्देश्य से संस्कारशाला कार्यक्रम का आयोजन करता है। कोरोना के चलते इस वर्ष यह कार्यक्रम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आयोजित हो रहा है। इसमें स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक व विद्यार्थी खूब उत्साह से भाग ले रहे हैं। इसी क्रम में यमुना विहार सी 1 ब्लॉक स्थित डॉ. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय ने भी ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें घमंड का चक्रव्यूह विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान पर घमंड न करने की सीख दी गई।
कार्यशाला के दौरान भूगोल के शिक्षक संजय प्रकाश शर्मा ने दैनिक जागरण में प्रकाशित 'बदल गया राजकुमार' कहानी पढ़कर सुनाई। कहानी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि घमंड करने से व्यक्ति सही मायनों में एक सामाजिक प्राणी नहीं रह जाता है। वह दूसरों से दूर होने लगता है और घमंड करते हुए वह अपने न्यूनतम सामाजिक मूल्यों को भी खो देता है। इसलिए व्यक्ति को घमंड करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने व्यवहार का मूल्यांकन करना चाहिए कि उसके कारण किसी दूसरे व्यक्ति को दुख तो नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कहानी में राजकुमार को भी अपने ज्ञान का घमंड होने लगा था, जिस कारण वह सबका अप्रिय होता जा रहा था। लेकिन, एक दिन उसका घमंड टूटता है और वह बदल जाता है।
कार्यशाला में निशा शर्मा, सुयश, शिवांशु शर्मा, प्रियांशी जयसवाल, ईशा मलिक, मीनाक्षी, रानी श्रेष्ठी, कोमल, मोहिनी वर्मा आदि विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं, विजय पार्क स्थित लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल के छात्र आराध्य व हर्षित शर्मा ने भी दैनिक जागरण कार्यशाला में भाग लिया।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो