गैस सिलेंडर फटने से पड़ोसी समेत छह झुलसे, एक की हालत गंभीर
सिलेंडर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सभी को घर से बाहर निकाला।
नई दिल्ली [जेएनएन]। जैतपुर थाना क्षेत्र के सौरभ विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर फटने से पड़ोसी समेत छह लोग झुलस गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी को दो विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जैतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सौरभ विहार इलाके में बिमल कुमार कश्यप, मकान नंबर एस-1 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। सुबह उनकी मां सुशीला कश्यप (42) खाना बना रहीं थीं, तभी अचानक से बड़ा सिलेंडर फट गया और घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से सुशीला कश्यप, वंदना कश्यप (19) और उनके रिश्तेदार रंग लाल (53) झुलस गए। साथ ही उनके सामने के मकान में रहने वाली नीरज कुमारी (32), बेबी कुमारी (35) और अनंत उर्फ ध्रुब (5) भी आग की चपेट में आने से झुलस गए।
पड़ोस के लोगों ने पुलिस को दी सूचना
सिलेंडर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सभी को घर से बाहर निकाला, जिसके बाद बेबी को बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि अन्य सभी लोगों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर वंदना की हालत गंभीर बनी हुई है। पड़ोस में रहने वाले मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि बिमल घटना के समय घर में मौजूद नहीं थे।
घर की दीवारों में आई दरार
बताया जा रहा है कि जो सिलेंडर फटा है। उसे एक दिन पहले ही भरवा कर लाया गया था। रात के समय इसी सिलेंडर पर खाना बना था, लेकिन सुबह करीब 11 बजे अचानक से सिलेंडर फट गया। आग लगने की वजह से घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया है। साथ ही बिमल के घर की दीवारों में दरार भी आ गई।
यह भी पढ़ें: एक करोड़ की ज्वैलरी लूट का खुलासा, रसगुल्ला खिलाकर दिया वारदात को अंजाम
यह भी पढ़ें: सेहत पर भारी पड़ सकता है प्रदूषण, जानें- कौन सी बीमारियों का बढ़ जाता है खतरा