Delhi Crime : दुष्कर्म के आरोपित की हिरासत में मौत, सौतेली बेटी के साथ गलत काम का था आरोप
आरोपित को शुक्रवार शाम करीब सात बजे पुलिस मेडिकल कराने के बाद थाना लेकर आई थी। पूछताछ के बाद उसे लाकअप में बंद कर दिया गया था। शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नई दिल्ली [गौतम मिश्रा]। बच्ची के साथ दुष्कर्म के एक मामले में आरोपित की हिरासत में मौत का मामला सामने आया है। आरोपित को शुक्रवार शाम करीब सात बजे पुलिस मेडिकल कराने के बाद थाना लेकर आई थी। पूछताछ के बाद उसे लाकअप में बंद कर दिया गया था। शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की मजिस्ट्रेट जांच चल रही है।
बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार शाम को क्षेत्र में एक इलाके से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। इस सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि आरोपित नशे की हालत में है। उसे लोगों ने जमकर पीटा भी था। उसकी हालत को देखते हुए पुलिस उसे मौके से ही अस्पताल लेकर गई। अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद उसे पूछताछ के लिए थाना लाया गया। यहां पूछताछ के बाद उसे लाकअप में बंद किया गया।
अचानक खराब हुई तबीयत
शनिवार की सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसे घबराहट की शिकायत होने लगी। उसने कमजोरी लगने की भी बात कही। उसकी हालत बिगड़ता देख पुलिसकर्मी उसे डीडीयू अस्पताल लेकर निकले। रास्ते में वह बेसुध होने लगा। अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो शादी कर रखी थी शख्स ने
सूत्रों के अनुसार आरोपित व्यक्ति ने दो शादी की थी। इन दिनों वह दूसरी पत्नी के साथ रहता था। दूसरी पत्नी को पहले पति से एक पांच साल की बेटी है। दूसरी पत्नी घरेलू सहायिका का काम करती थी। जब वह काम से लौटी तो उसने आरोपित को अपनी बेटी के साथ गलत हरकत करते देख लिया और शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग आए और उसकी पिटाई कर दी थी।