विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi eat Litti Chokha: जिस स्टॉल पर PM मोदी ने खाया लिट्टी-चोखा, वहां उमड़ी भीड़

By JP YadavEdited By:
Published: Fri, 21 Feb 2020 08:41 AM (IST)Updated: Fri, 21 Feb 2020 08:48 AM (IST)

PM Modi eat Litti Chokhaबृहस्पतिवार को इस स्टॉल पर सुबह से शाम तक लोगों की लंबी कतार लगी रही। लोग एक-एक घंटे तक लाइन में लगे रहे।

PM Modi eat Litti Chokha: जिस स्टॉल पर PM मोदी ने खाया लिट्टी-चोखा, वहां उमड़ी भीड़
PM Modi eat Litti Chokha: जिस स्टॉल पर PM मोदी ने खाया लिट्टी-चोखा, वहां उमड़ी भीड़

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। PM Modi eat Litti Chokha : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू लिट्टी-चोखा के रूप में राजपथ के लॉन में आयोजित हुनर हाट में इस कदर फैल रहा है कि अब तक जो स्टॉल लगभग गुमनाम था, अब वहां लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग कतार में लगकर उस स्टॉल से लिट्टी-चोखा खाने को बेकरार दिखाई दे रहे हैं।

लिट्टी चोखा खाने के बाद सेल्फी भी ले रहे लोग

पीएम मोदी के यहां पर लिट्टी चोखा खाने के बाद एक तरफ परिजन से मिलने वाली बधाइयां और दूसरी तरफ लिट्टी-चोखा खाने के लिए आने वाले लोगों की संख्या को देखकर बिहार के पटना के रहने वाले स्टॉल संचालक रंजन राज गदगद हैं। इतना ही नहीं, लोग स्टॉल और रंजन के साथ सेल्फी लेते भी दिखाई दिए।

बुजुर्गों के लिए लगानी पड़ी अलग लाइन

यहां पर बता दें कि बुधवार को बिना किसी नियोजित कार्यक्रम के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हुनर हाट पहुंच गए थे। वहां उन्होंने एक स्टॉल पर लिट्टी-चोखा खाया और उसके स्वाद के बारे में ट्विटर पर भी लिखा। इसके बाद बृहस्पतिवार को इस स्टॉल पर सुबह से शाम तक लोगों की लंबी कतार लगी रही। लोग एक-एक घंटे तक लाइन में लगे रहे। शाम को भीड़ इस कदर बढ़ गई कि बुजुर्गों के लिए अलग से लाइन लगानी पड़ी।

दूर-दूर से लिट्टी चोखा खाने आ रहे स्टॉल पर

रंजन राज का कहना है कि प्रधानमंत्री के आने के बाद से मेरी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई है। लोगों के लगातार फोन आ रहे हैं। बधाइयों का तांता लगा हुआ है। स्टॉल पर अब इतनी भीड़ बढ़ चुकी है कि लोगों को लिट्टी-चोखा देने में बैठने तक का समय नहीं मिल पा रहा है। लोग यहां दूर-दूर से आ रहे हैं।

नवादा (बिहार) से आए आशुतोष ने कहा कि मैं पहली बार हुनर हाट में आया हूं। इसकी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, क्योंकि उन्होंने लिट्टी-चोखा खाया और मेरा पसंदीदा भोजन भी यही है। यहां लोगों के अंदर छुपा हुआ हुनर भी देखने को मिल रहा है।

यहां आईं नंदिनी ने कहा कि यहां के लिट्टी-चोखे में अनोखा स्वाद है। यह लाजवाब स्वाद से भरपूर है। मैंने खाने के साथ-साथ घर के लिए भी पैक करवाया है।

यह है पूरा मामला

राजपथ पर चल रहे हुनर हाट में बुधवार को अचानक पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के इसी स्टॉल पर लिट्टी चोखा खाया था। उसके बाद पटना के दुकानदार रंजन राज की मानों किस्मत ही चमक गई और अचानक ग्राहकों की भीड़ उनके स्टॉल पर बढ़ गई।

पीएम ने ट्वीट भी किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को करीब 1.30 बजे हुनर हाट पहुंचे। यहां उन्होंने बिहारी व्यंजन स्टॉल पर लिट्टी-चोखा खाया और उसके लिए 80 रुपये का भुगतान किया। मोदी ने नकवी के साथ चाय पीने के बाद उसके लिए 40 रुपये दिए। बाद में ट्वीट कर प्रधानमंत्री ने बताया भी कि हुनर हाट में उन्होंने स्वादिष्ट लिट्टी-चोखा खाया और चाय पी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि इंडिया गेट पर हुनर हाट में एक शानदार दोपहर बिताई। यह हस्तशिल्प, कालीन, वस्त्र और स्वादिष्ट भोजन सहित उत्पादों का सबसे अच्छा प्रदर्शन करता है। इसे देखें।