Delhi: थाने जाकर पुलिसकर्मियों को लगाता था चूना, पुलिस ने शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार
डीसीपी ईश सिंघल ने बताया कि भगोड़ा घोषित आरोपित अभियुक्त विशाल के खिलाफ अशोक विहार थाने में वर्ष 2011 में धोखाधड़ी की मामला दर्ज किया गया था।
नई दिल्ली [लोकेश चौहान]। खुद को बैंक मैनेजर बताकर पुलिसकर्मियों के साथ ठगी करने वाले एक भगोड़े बदमाश सहित मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने दो भगोड़ों को पकड़ा है। गैर जमानती वारंट जारी होने पर एक अन्य बदमाश को भी मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने पकड़ा है। डीसीपी ईश सिंघल ने बताया कि भगोड़ा घोषित आरोपित अभियुक्त विशाल के खिलाफ अशोक विहार थाने में वर्ष 2011 में धोखाधड़ी की मामला दर्ज किया गया था। विशाल अशोक विहार थाने में पहुंचा और ड्यूटी ऑफिसर हैड कांस्टेबल दिनेश चंद से मिला। उसने बताया कि वह एचएसबीसी बैंक बेंगलुरु में मैनेजर है।
चंडीगढ़ से दिल्ली आते समय किसी ने उसका बैग निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर चोरी कर लिया। बैग में 42 हजार रुपये निजामुद्दीन से बेंगलुरु होने के रेलवे टिकट और पासपोर्ट आदि थे। चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने का अनुरोध करने के साथ उसने भोजन और बेंगलुरु होने के लिए दिनेश चंद से दो हजार रुपये मांगे और वहां पहुंचकर रुपये वापस भेजने की बात कही। दिनेश चंद ने मानवीय आधार पर विश्वास करके विशाल को दो हजार रुपये दे दिए। बाद में दिनेश चंद को पता लगा कि आरोपित विशाल ने नंद नगरी, मानसरोवर पार्क, शाहदरा और आनंद विहार थाने के पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह से ठगा है। ठगी के इस मामले में विशाल को भगोड़ा घोषित किया गया था।
दूसरे मामले में भगोड़ा घोषित महिला गायत्री को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में इंद्रपुरी थाने में दिल्ली के रतनपुरी निवासी हसीना उर्फ नगमा ने शिकायत दर्ज कराई थी। हसीना ने बताया कि जेजे कॉलोनी में रहने वाले और स्क्रैप डीलर का काम करने वाले संजीव से उसकी दोस्ती थी। 15 दिसंबर 2016 को संजीव ने उसे दिल्ली के कृषि कुंज में बुलाया। वहां से संजीव उसे अपने घर ले गया। वहां गीता उर्फ गायत्री शर्मा सहित संजीव के परिवार के सदस्यों ने उसे लड्डू खाने के लिए दिया।
लड्डू खाने के बाद बेहोशी जैसी हालत में आ गई। उसकी हालत का फायदा उठाकर संजीव और उसके परिजन उसे डी-ब्लॉक, गणेश मंदिर, जेजे कॉलोनी ले गए। वहां संजीव ने उसके साथ शादी कर ली। जब वह सामान्य हुई, तो उसे शादी के बारे में पता चला। इसके बाद, संजीव ने उसके वीडियो और शादी की फोटो को वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस मामले में गीता उर्फ गायत्री फरार चल रही थी।
तीसरे मामले में लूट की वारदात में शामिल पहाड़गंज के मुल्तानी ढाड़ा निवासी अभिषेक के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। लूट का मामला रघुबीर नगर निवासी प्रभजोत सिंह ने दर्ज कराया था। प्रभजोत सिंह ने बताया कि 5 फरवरी 2020 की रात करीब सवा दस बजे वह अपने दोस्त गुरजोत ¨सह के साथ स्कूटी पर बंगला साहिब गुरुद्वारा जा रहा था। जब वे तालकटोरा रोड पर थे, अचानक एक सफेद रंग की स्कूटी और एक काले रंग की बाइक उनके पास आकर रुकी। स्कूटी और बाइक सवार दो लड़कों ने 6,300 रुपये की नकी और एक मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए थे।