टोल नहीं देने पर महिला को अगवा कर छेड़छाड़, उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप
मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अपहरण छेड़छाड़ व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। फतेहपुरबेरी इलाके में टोल न देकर वैकल्पिक मार्ग से निकलने पर टोलकर्मियों ने न केवल तीन लोगों की पिटाई की, बल्कि उनके साथ मौजूद महिला का अपहरण कर छेड़छाड़ भी की। विरोध करने पर महिला के कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़ व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, फतेहपुरबेरी में रहने वाला एक युवक बुधवार तड़के हरियाणा के पलवल से मिनी ट्रक में भूसा लेकर अपने घर आ रहा था। उसके साथ पत्नी, भतीजा व चालक था। सवा चार बजे वे झील खुर्द टोल टैक्स बूथ पर पहुंचे तो टोलकर्मियों ने टोल मांगा। उन्होंने ग्रामीण व स्थानीय किसान होने के नाते टोल न पड़ने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। बात बढ़ने लगी तो युवक ने चालक से मिनी ट्रक को मोड़ने के लिए कहा। वे वैकल्पिक मार्ग से जाने लगे तो टोल पर तैनात छह युवकों ने स्कार्पियो से ओवरटेक कर उन्हें रोका। आरोपितों ने युवक, उसके भतीजे व चालक को गाड़ी से उतारा और पीटा। उन्हें स्कार्पियो से टोल बूथ पर लेकर आए।
वहीं, आरोपितों में से एक महिला के साथ मिनी ट्रक में बैठा और गाड़ी लेकर चल दिया। इस पर परिजनों ने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर महिला के अपहरण की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि रजोकरी में टोल वसूलने वाली फर्म का ऑफिस है। आरोपित उनकी गाड़ी को वहीं लेकर गया है।
एसएचओ फतेहपुरी बेरी दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रजोकरी पहुंची। पीड़िता का कहना है कि रास्ते में सुनसान जगह पर टोलकर्मी ने अश्लील हरकतें की और विरोध करने पर उनके कपड़े फाड़ दिए। मोबाइल फोन, सोने की चेन व अंगूठी लूटने का भी आरोप लगाया। डीसीपी साउथ विजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अंकित, नरेंद्र, अमित, दीपक, जगदीप व प्रमोद फतेहपुरबेरी इलाके के ही रहने वाले हैं।