Move to Jagran APP

दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध में आई 29.676 फीसद की गिरावट

दिल्ली में इस साल महिलाओं के खिलाफ अपराध जिनमें दुष्कर्म छेड़खानी फब्ती कसना व पीछा करना आदि के 3063 मामले सामने आए जबकि पिछले साल एक जनवरी से 30 सितंबर तक कुल 4361 मामले दर्ज किए गए थे।

By JP YadavEdited By: Published: Sat, 24 Oct 2020 01:51 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2020 01:51 PM (IST)
दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध में आई 29.676 फीसद की गिरावट
इस साल महिला अपराध के 3063 मामले सामने आए हैं।

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। राजधानी दिल्ली में लंबे अरसे बाद महिलाओं के खिलाफ अपराध में 29.676 फीसद की गिरावट आई है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों को देखें तो इस साल एक जनवरी से 30 सितंबर तक राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराध जिनमें दुष्कर्म, छेड़खानी, फब्ती कसना व पीछा करना आदि के 3063 मामले सामने आए। पिछले साल एक जनवरी से 30 सितंबर तक कुल 4361 मामले दर्ज किए गए थे। महिलाओं के खिलाफ अपराध घटने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने न केवल दिल्ली के डार्क स्पॉट को चिह्नित किया बल्कि रुटीन में उसकी रिपोर्ट बनाकर संबंधित विभागों को भेज समस्या को दूर करने को लेकर लगातार दबाव बनाती रही।

loksabha election banner

बता दें कि पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने हर पीसीआर कॉल पर एफआइआर दर्ज कर अपराधियों को तुरंत पकड़ने का सिस्टम बनाया। महिला अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में कई सख्त कदम उठाए। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों को देखें तो महिलाओं के खिलाफ अपराध में गिरावट आने के साथ ही दर्ज केसों को सुलझाने के दर में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। एक जनवरी से 30 सितंबर तक 2019 और 2020 के तुलनात्मक आंकड़े देखें तो 2019 में दुष्कर्म के 1723, छेड़खानी के 2276 और फब्ती कसने व पीछा करने के 362 मामले दर्ज किए गए। 2020 में दुष्कर्म के 1241 , छेड़खानी के 1527 और फब्ती कसने व पीछा करने के 95 मामले दर्ज किए गए।

इन मामलों की जांच से पता चला है कि दुष्कर्म के 97.66 फीसद मामलों को पीड़ित के रिश्तेदारों और जानकारों ने अंजाम दिया। अंजान लोगों ने दुष्कर्म के 2.34 फीसद मामले को अंजाम दिया। 2020 में केस सुलझाने के फीसद को देखा जाए तो दुष्कर्म के 91.62 फीसद, छेड़खानी के 82.7 फीसद और फब्ती कसने के 76.61 फीसद केस सुलझा लिए गए। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं जिनमें दिल्ली के सभी बार, पब और डिस्को को रात एक बजे तक ही खुलने की इजाजत दी गई है। इस साल अब तक 56787 महिलाओं को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया गया। राजधानी में चलने वाली प्लेसमेंट एजेंसियों पर शिकंजा कसा गया। कैब पर लगातार पुलिस को नजर रखने को कहा गया है।

कैब में गार्ड की तैनाती नहीं रखने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। रात को दिल्ली की सड़कों पर चलने वाले वाहनों में काले शीशे पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। काले शीशे वाले वाहनों के खिलाफ दिल्ली पुलिस लगातार स्पेशल ड्राइव चला रही है। रात में चलने वाली जो बसें अवैध जगहों पर खड़ी होती हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क को पहले से ज्यादा मजबूत किया गया है। रात में भी हेल्प डेस्क पर महिला पुलिस कर्मी की तैनाती रहती है।

महिला अपराध के मामले की जांच तीन स्तरों पर की जा रही है। टेक्निकल और साइंटिफिक तरीके से सुबूत जुटाने पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। सीनियर ऑफिसरों को सुपरविजन करने को कहा गया है। समय पर आरोप पत्र दायर करने के निर्देश दिए गए हैं । दुष्कर्म के केस में 20 दिन में आरोप पत्र दायर करने को कहा गया है। सीनियर ऑफिसर को कहा गया है कि महिला अपराध से संबंधित जो हर दिन पीसीआर कॉल आती है उसकी मॉनिटरिंग वे खुद करें।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.