फरीदाबाद: कुएं में फंसी गाय निकालने के चक्कर में गई दो युवकों की जान
दोनों युवक रस्सी की मदद से गाय को बाहर निकालने के लिए कुएं में उतर गए। नीचे जाने के बाद दोनों का दम घुटने लगा। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते दोनों युवक बेहोश हो गए।
फरीदाबाद [जेएनएन]। बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीकरी गांव में शाम को एक गाय कुएं में गिर गई। गाय को बचाने के लिए कुएं में उतरे दो युवकों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों मृतकों के शव बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। कुएं की गहराई करीब 20 फुट है और यह काफी पुराना है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थे युवक
मृतक युवकों की पहचान नगला जोगियान निवासी गौरव उम्र 29 साल है वह सीकरी में एक कंपनी में काम करता था, जबकि दूसरा युवक हरिकिशन सीकरी गांव का ही रहने वाला है। शाम को किसी ने सूचना दी कि एक गाय गांव के सूखे कुएं में गिर गई है। सूचना मिलने पर काफी ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए। इसी दौरान गौरव और हरिकिशन भी वहां पहुंच गए।
पुलिस के आने पर कुएं से निकाले गए युवकों के शव
दोनों युवक रस्सी की मदद से गाय को बाहर निकालने के लिए कुएं में उतर गए। नीचे जाने के बाद दोनों का दम घुटने लगा। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते दोनों युवक बेहोश हो गए। यह देख ग्रामीणों में हलचल मच गई। पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने के बाद दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।
यह भी पढ़ें: कुतुब मीनार परिसर में डेंगू के डंक का खतरा, लार्वा मिलने पर कटा चालान