हरियाणा से भागकर दिल्ली आये प्रेमी जोड़े, पार्क में जहर खाकर दे दी जान
हरियाणा के एक प्रेमी युगल ने दिल्ली के एक पार्क में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक महेंद्रगढ़ के रहने वाले थे।
नई दिल्ली/नारनौल, जेएनएन। दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक पार्क में प्रेमी जोड़े के शव मिले हैं। दोनों हरियाणा के महेंदरगढ़ जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबित, दोनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। दरअसल, महेन्दगढ़ के थाने में लड़के की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है और लड़के के खिलाफ लड़की वालों ने भगा ले जाने का मामला दर्ज करवाया हुआ है।
पहाड़गंज इलाके में जहर खाकर जान देने वाला प्रेमी जोड़ा दो दिन पहले 10 सितंबर को गायब हुआ था। इस मामले में सतनाली और महेंद्रगढ़ थाने में दोनों पक्षों के परिजनों ने संपर्क कर शिकायत दी थी। मगर अब पुलिस को उनकी आत्महत्या की सूचना मिलने पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक विपिन शर्मा (24 वर्षीय) सतनाली थाने के गांव नांगलमाला और मृतका सरोज (19 वर्षीय) महेंद्रगढ़ थाने के गांव निंबी की रहने वाली थी।
ऐसे शुरू हुआ था प्रेम-प्रसंग
सरोज गांव झाखड़ी में, जो नांगलमाला के समीप ही है, में अपनी बुआ के पास रहती थी। विपिन शर्मा के पिता बाबूलाल शर्मा ने अपने खेत बंटाई पर सरोज के फूफा को दे रखे हैं और इसी कारण दोनों परिवारों में आना-जाना था। यहीं से विपिन और सरोज का मिलना-जुलना हो गया। विपिन बीएससी का छात्र था और वह महेंद्रगढ़ में कोचिंग लेने जाता था।
बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक
10 सितंबर को वह फार्म भरने के लिए नारनौल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सरोज भी बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी और ये दोनों अंतिम महेंद्रगढ़ के बाजार में दोपहर के समय एकसाथ देखे गए थे। इसके बाद से इनके मोबाइल स्वीच ऑफ आने लगे तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। सरोज को महज दो-चार क्लास ही पढ़ी लिखी बताया जा रहा है। मगर अब यहां की पुलिस को इनके द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिल गई है। जिस पर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ेंः New MV Act: दिल्ली में टूटे सारे रिकॉर्ड, ट्रक का कटा 2 लाख 500 रुपये का चालान