Coronavirus : मनोज तिवारी ने कहा, अखबार से कोरोना संक्रमण फैलने का कोई प्रमाण नहीं है
Coronavirus दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि इस संकट की घड़ी में हमें अखबार के माध्यम से सही और सटीक जानकारी मिलती है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Coronavirus : चीन, इटली, अमेरिका, ईरान, रूस, दक्षिण कोरिया, स्पेन समेत तकरीबन 200 देशों को अपनी चपेट में ले चुका कोरोना वायरस अब तक 70,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। इसके साथ 10 लाख से अधिक पूरी दुनिया में इसकी चपेट में हैं, जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जाहिर है इस समय पूरा विश्व कोरोना संक्रमण के संकट से जूझ रहा है। संक्रमण नहीं फैले इसके लिए देश में लॉकडाउन है। लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं और यही इससे बचने का कारगर उपाय है।
अखबार से कोरोना फैलने का प्रमाण नहीं
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि इस संकट की घड़ी में हमें अखबार के माध्यम से सही और सटीक जानकारी मिलती है। सच बात तो यह है कि अखबार से कोरोना संक्रमण फैलने का कोई प्रमाण नहीं है। विशेषज्ञ और डॅाक्टर भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि विश्व में कहीं भी अखबार से कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं फैला है।
मनोज तिवारी कहते हैं 'केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय यह स्पष्ट कर चुका है कि अखबार पूरी तरह से सुरक्षित है। मैं केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय का सलाहकार भी हूं। अखबार को छपाई से लेकर पाठकों तक पहुंचाने में सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जाता है। अखबार की छपाई में पेट्रोलियम बेस्ड इंक का प्रयोग किया जाता है जिस वजह से इसके ऊपर किसी तरह का वायरस जीवित नहीं रह सकता है। छपाई के समय इसे सैनिटाइज भी किया जाता है।'
वहीं, मनोज तिवारी ने आगे कहा है कि इसके साथ ही अखबार वितरित करने वाले कर्मयोगी भी पूरी सावधानी बरतते हुए अखबार पाठकों तक पहुंचाते हैं। इस समय हम सभी घर में रहते हैं और बाहरी गतिविधि लगभग बंद है। इस स्थिति में हमें बाहर की दुनिया की सभी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से चाहिए, जो अखबार हमें उपलब्ध करा रहे हैं।