Coronavirus: दिल्ली में AAP दफ्तर बंद, बजट सत्र को लेकर विधानसभा ने जारी की एडवाइजरी
Coronavirus दिल्ली में अगले आदेश तक आम आदमी पार्टी के दफ्तर को बंद कर दिया गया है। कोरोना के खतरे को देखते हुए पार्टी ने ये फैसला किया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए आम आदमी पार्टी भी सर्तक हो गई है। पार्टी दफ्तर को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली आप के संयोजक और कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने बताया कि कोरोना की वजह से पार्टी ने अगले आदेश तक दफ्तर को बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव सभी के लिए जरुरी है।
इसके अलावा कोरोना के खतरे को देखते हुए दिल्ली विधानसभा ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सिर्फ बजट सेशन की प्रक्रिया से जुड़े कर्मी ही दफ्तर आएं। बाकी गैर जरूरी कर्मचारी जरूरत पड़ने पर बुलाये जाएंगे।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 मार्च से शुरू हो रहा है। यह सत्र 27 मार्च तक चलेगा। जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को वित्त मंत्री मनीष सिसोदिया बजट पेश करेंगे। दिल्ली सरकार के बजट में इस बार 5 से 10 फीसद बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली सचिवालय में आम लोगों के लिए प्रवेश बंद
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दिल्ली सचिवालय में बृहस्पतिवार से आम जनता के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है जो 31 मार्च तक जारी रहेगा। कर्मचारी सचिवालय में आते रहेंगे। सचिवालय में प्रवेश करने वाले सभी कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। जांच में सही पाए जाने पर ही कर्मचारियों को सचिवालय में प्रवेश मिलेगा। वहीं सभी जिला अधिकारियों को भी अधिकार दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर इस बारे में कार्रवाई करें। यदि जरूरी समङों तो कार्यालय में जनता का प्रवेश बंद कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि सभी डीएम और एसडीएम ने इस पर अमल करना शुरू कर दिया है। कई कार्यालय बृहस्पतिवार से ही जनता के लिए बंद कर दिए गए हैं। वहीं नगर निगम के भी कई कार्यालय जनता के लिए बंद किए गए हैं। सभी इस दौरान सतर्कता बरत रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः Coronavirus: दिल्ली के सभी मॉल बंद, सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश