Coronavirus: दिल्ली के लेडी हार्डिंग में 10 लोग संक्रमित, पीड़ितों में 10 माह का बच्चा भी
Coronavirus स्पताल के आइसीयू में बच्चे को भर्ती किया गया था। इसके बाद वह कोरोना की चपेट में आ गया। पीड़ितों में दो डॉक्टर सहित आठ कर्मचारी शामिल हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Coronavirus: दिल्ली में अस्पताल कोरोना के बड़े हॉटस्पॉट बन चुके हैं। दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के बाद अब लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का कलावती शरण अस्पताल भी कोरोना की चपेट में आ गया है। इस अस्पताल में कोरोना के सात नए मामले सामने आए हैं, जिसमें 10 माह का बच्चा व उसके पिता भी शामिल हैं। अस्पताल के आइसीयू में बच्चे को भर्ती किया गया था। इसके बाद वह कोरोना की चपेट में आ गया। पीड़ितों में दो डॉक्टर सहित आठ कर्मचारी शामिल हैं। इस तरह कलावती शरण अस्पताल में कुल 10 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा कई डॉक्टर व कर्मचारी क्वारंटाइन किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि आइसीयू में भर्ती सात बच्चों में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। उन्हें दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित करने की तैयारी है। इस बाबत लेडी हार्डिग मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इससे ज्यादा बोलने को कॉलेज प्रशासन तैयार नहीं है।
उल्लेखनीय है कलावती शरण अस्पताल में बच्चों का इलाज होता है। इसके आइसीयू में कार्यरत एक डॉक्टर को पहले ही संक्रमण होने की बात सामने आई थी। इसके बाद शुक्रवार को दो नर्स भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। इसके बाद अब एक डॉक्टर व चार अन्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं 10 माह का बच्चा और उसके पिता भी पॉजिटिव हो गए हैं। अभी अन्य कई लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
दिल्ली में 57 स्वास्थ्य कर्मचारी हैं कोरोना से पीड़ित
दिल्ली में विभिन्न अस्पतालों में करीब 57 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना से पीडि़त हो चुके हैं, जिसमें कई डॉक्टर भी शामिल हैं। अकेले दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में ही 25 कर्मचारी इसकीचपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा इस अस्पताल में छह कैंसर मरीज भी कोरोना से पीडि़त हो गए हैं। इस तरह इस अस्पताल में 31लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।
अस्पतालों में संक्रमित कर्मचारियों की संख्या
दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान - 25
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (कलावती शरण अस्पताल) - 8
महाराजा अग्रसेन अस्पताल - 8
एम्स - 3
सफदरजंग अस्पताल - 2
आरएमएल अस्पताल - 2
डीडीयू - 1
सरदार पटेल अस्पताल - 1
गंगाराम अस्पताल - 3
मैक्स - 3
अपोलो - 1