Move to Jagran APP

विवादों में कांग्रेस का छात्र संगठन, एनएसयूआइ ने डीयू के एक कॉलेज में काटा तिरंगे वाला केक

डीयू के विवेकानंद कॉलेज में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया की ओर से मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम से हंगामा खड़ा हो गया है।

By JP YadavEdited By: Published: Wed, 15 Aug 2018 09:30 AM (IST)Updated: Wed, 15 Aug 2018 11:43 AM (IST)
विवादों में कांग्रेस का छात्र संगठन, एनएसयूआइ ने डीयू के एक कॉलेज में काटा तिरंगे वाला केक
विवादों में कांग्रेस का छात्र संगठन, एनएसयूआइ ने डीयू के एक कॉलेज में काटा तिरंगे वाला केक

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली विश्वविद्यालय के विवेक विहार स्थित विवेकानंद कॉलेज में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) की ओर से मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम से हंगामा खड़ा हो गया है।

loksabha election banner

एनएसयूआइ के सदस्यों पर आरोप है कि उन्होंने तिरंगे वाले केक को काटकर जश्न मनाया और कॉलेज प्रशासन ने इस कार्यक्रम की अनुमति दी थी। केक काटने के बाद एनएसयूआइ के सदस्यों ने तिरंगे के केक वाली फोटो को सोशल साइट पर शेयर किया तो लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की।

सोशल साइट पर यूजर्स ने लिखा कि एनएसयूआइ ने ऐसा करके तिरंगे का अपमान किया है। कॉलेज छात्र संघ की अध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने इस संबंध में विवेक विहार थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। इसमें कार्यक्रम की अनुमति देने के लिए प्रिंसिपल को भी आरोपित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को वह कॉलेज नहीं गई थीं। सोशल मीडिया के जरिए उन्हें पता चला कि एनएसयूआइ ने तिरंगे के रंग वाला केक काटा है।

एनएसयूआइ के एक सदस्य ने कहा कि उन्होंने बेकरी वाले को केक का आर्डर दिया था और कहा था कि साइड में तिरंगे का एक प्रतीक चिह्न् लगा देना लेकिन उसने पूरा केक ही तिरंगे से रंग दिया। इस बारे में कॉलेज की प्राचार्य हिना नंद्राजोग से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

डीयू के नॉर्थ कैंपस में निकाली तिरंगा यात्रा

वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉर्थ कैंपस स्थित कला संकाय में कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के पूर्व तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर लगाकर लोगों को समाज कल्याण के प्रति उत्साहित और जागरूक किया। इस दौरान एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे। फिरोज खान ने कहा कि हमारा राष्ट्रवाद तिरंगे का राष्ट्रवाद है, हमें किसी भी जाति, धर्म का भेदभाव न करते हुए भाईचारे की भावना रखनी चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.