दिल्ली में कांग्रेस ने दिग्गजों पर लगाया दांव, इन सीटों पर तय किए उम्मीदवार
कांग्रेस ने दिल्ली लोकसभा चुनाव के लिए सात सीटों में से चार पर अपने उम्मीदवार के नाम तय कर दिये हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस ने दिल्ली लोकसभा चुनाव के लिए सात सीटों में से चार पर अपने उम्मीदवार के नाम तय कर दिये हैं। नई दिल्ली लोकसभा सीट से अजय माकन और चांदनी चौक से कपिल सिब्बल चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी दिल्ली से जेपी अग्रवाल और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार चौहान चुनाव मैदान में उतरेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में इन उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लग गई है।
इन सभी उम्मीदवारों के नाम का औपचारिक घोषणा दो-तीन दिन में होने की उम्मीद है। पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट के लिए अभी तक कांग्रेस अपने उम्मीदवार का नाम तय नहीं कर पायी है। माना जा रहा है जल्द ही इन सीटों पर भी नाम तय हो जाएंगे।
बताया जा रहा है कि पूर्वी दिल्ली सीट के प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का विशेष लगाव है। ऐसे में माकन खेमे से जहां पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली की दावेदारी सामने आ रही है, वहीं शीला अपने खास पवन खेड़ा को इस सीट से टिकट दिलाना चाह रही हैं। शीला ने इसके लिए वरिष्ठ पार्टी नेता अहमद पटेल से भी बुधवार को लंबी चर्चा की थी।
दरअसल, पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से शीला के बेटे संदीप दीक्षित लगातार दस साल तक सांसद रहे हैं। लेकिन संदीप अब मध्य प्रदेश की राजनीति में सक्रियता बढ़ा चुके हैं। ऐसे में शीला के लिए यह सीट दुविधा का विषय बन गई है।
सोनिया गांधी के दस जनपथ आवास पर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की करीब तीन घंटे चली बैठक में हरियाणा पर सबसे बाद में चर्चा हुई। पांच सीटों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और करनाल पर चर्चा हुई, जहां कई-कई दावेदार लाइन में हैं। तय हुआ कि इन सीटों के पैनल पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जो भी फैसला लेंगे, वह सभी को मान्य होगा।
फरीदाबाद सीट पर पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, महेंद्र प्रताप सिंह और करण सिंह दलाल के नामों पर चर्चा हुई, जबकि गुरुग्राम में कैप्टन अजय सिंह यादव और राव दान सिंह के नामों पर चर्चा हुई है।