Delhi Weather: दिल्ली में न्यूनत तापमान पहुंचा 4.2 डिग्री, नए साल की शुरुआत में बारिश के आसार, टूटे कई रिकॉर्ड
Delhi Weather अगले चार दिन तक ऐसे ही शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार नए साल की शुरुआत में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से शुक्रवार को भी लोगों को राहत नहीं मिली। न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं अधिकतम तामपान 13.4 रहा।
इससे पहले बृहस्पतिवार को थोड़ी धूप जरूर खिली, लेकिन बीच-बीच में बादलों की वजह से इसका प्रभाव नाकाफी रहा। अभी अगले चार दिन तक ऐसे ही शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल की शुरुआत में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आया नगर में अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री, डीयू में 12.6 और पालम में 11.8 डिग्री रहा। वहीं आया नगर का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, डीयू का 6.7, पालम का 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 75 से 100 फीसद रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक रह सकता है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवा लगातार दिल्ली आ रही है, जबकि ऊपरी सतह पर बादल छाए हुए हैं। इसी वजह से धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही है। 31 दिसंबर से तापमान में कुछ सुधार हो सकता है। लेकिन एक और दो जनवरी को हल्की बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना है। कड़ाके की ठंड के बीच लोगों को प्रदूषण ने भी परेशान कर रखा है। बुधवार की ही तरह बृहस्पतिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में कमोबेश सभी जगह प्रदूषण बहुत खराब श्रेणी में बना रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली का एयर इंडेक्स 349 दर्ज किया गया गया। फरीदाबाद में यह 360, गाजियाबाद में 359, ग्रेटर नोएडा में 370, गुरुग्राम में 290 और नोएडा में यह 370 रहा। यानी गुरुग्राम को छोड़कर अन्य सभी जगह एयर इंडेक्स बहुत खराब श्रेणी में रहा। शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
1901 के बाद दूसरा सबसे ठंडा महीना हो सकता है दिसंबर
2019 का दिसंबर माह 1901 के बाद सबसे ठंडा साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले 1919, 1929, 1961 और 1997 में ही ऐसा हुआ है जब दिसंबर माह का औसत अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा हो। इस साल भी 26 दिसंबर तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.85 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि 31 दिसंबर तक यह और गिरकर 19.15 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। अगर ऐसा हुआ तो 1901 के बाद यह दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर बन जाएगा। मालूम हो कि दिसंबर 1901 में औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।