पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से दिल्ली में सर्द हवाअों का प्रकोप, ठिठुरते नजर आए लोग
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी से दिल्ली एनसीआर में ठंड फिर से बढ़ गई है। सर्द हवाओं ने दिल्ली वालों को फिर ठंड का अहसास करा दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी से दिल्ली एनसीआर में ठंड फिर से बढ़ गई है। सर्द हवाओं ने दिल्ली वालों को फिर ठंड का अहसास करा दिया है। रविवार को सूरज की तपिश से दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी से राहत मिली थी, लेकिन ताजा बर्फबारी से शुरू हुई शीतलहर ने जीना मुहाल कर दिया।
वहीं, ठंड के साथ कोहरे का प्रकोप ट्रेनों की अावाजाही पर भी पड़ा है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, दिल्ली से आने-जाने वाली 12 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, कोहरे से कुछ ट्रेनों को रद कर दिया गया है,तो कुछ के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
तापमान में वृद्धि, प्रदूषण में भी सुधार नहीं
दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण का प्रकोप जारी है। रविवार को भी प्रदूषण के स्तर में खास सुधार नहीं हुआ, यह खतरनाक स्तर पर बना हुआ है, इसलिए सुबह सैर करना सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। हालांकि, तापमान में वृद्धि होने से अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान बढ़ने व दोपहर में अच्छी धूप खिलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान इसी तरह का बना रहेगा।
पालम में न्यूनतम तापमान 8.9, लोदी रोड में 8.4, दिल्ली विश्वविद्यालय में 11.2 व नजफगढ़ में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड में कमी होने के बावजूद प्रदूषण स्तर में खास सुधार नहीं हुआ। मौसम में नमी अधिक होने व हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 414 रहा। दिल्ली के मुकाबले एनसीआर के शहर अधिक प्रदूषित रहे।