Weather Update:दिल्ली-NCR में न्यूनतम तापमान पहुंचा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे, बढ़ी ठिठुरन
मौसम विभाग के मुताबिक सर्दी का सितम अभी जारी रहेगा। 30 दिसंबर तक शीतलहर भी बनी रहेगी। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच सकता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी है। दिल्ली में बुधवार का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। हालांकि मंगलवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में आंशिक इजाफा हुआ है, लेकिन ठिठुरन में कोई कमी नहीं है। वहीं, रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां पर लोगों को कोहरे से मिली कुछ राहत मिली लेकिन ठिठुरन बरकरार है।
मौसम विभाग के मुताबिक सर्दी का सितम अभी जारी रहेगा। 30 दिसंबर तक शीतलहर भी बनी रहेगी। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को दिन में कुछ धूप खिली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। आया नगर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान पालम में 15 डिग्री, डीयू में 15.2 डिग्री और आया नगर में 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार को मिल सकती है राहत
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के प्रभारी कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार बृहस्पतिवार तक शीत लहर बनी रहेगी। शुक्रवार को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन 28 से 30 दिसंबर तक फिर से शीत लहर का प्रकोप रहेगा। शुक्रवार को घना कोहरा भी रह सकता है। शनिवार से न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक आ सकता है।
बंद कमरे में ब्लोअर व हीटर का इस्तेमाल जानलेवा
सर्दी में बंद कमरे में ब्लोअर व हीटर का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है। अंगीठी जलाने पर कमरे में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्र बढ़ जाती है और ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। इस वजह से दम घुटने लगती है। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अजय लेखी ने कहा कि साधारण ब्लोअर व हीटर से भी कमरे में ऑक्सीजन बर्न होता है। इस वजह से कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्र बढ़ जाती है। कमरे में ऑक्सीजन की कमी होने से सांस लेने में परेशानी होने लगती है।
कोहरे से रफ्तार पर लगा ब्रेक
कोहरे ने राजधानी व हमसफर जैसी तेज गति से चलने वाली वीआइपी ट्रेनों की भी चाल बिगाड़ दी है। इन ट्रेनों सहित 30 से ज्यादा ट्रेनें मंगलवार को देरी से दिल्ली पहुंची। इस वजह से 12 ट्रेनों के समय में बदलाव करना पड़ा, जिसमें तीन राजधानी एक्सप्रेस और चंपारण हमसफर भी शामिल हैं। मंगलवार को भुवनेश्वर राजधानी 6.50 घंटे, कोलकाता राजधानी चार घंटे, सियालदह राजधानी व चंपारण हमसफर एक्सप्रेस पौने चार घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। स्वतंत्रता सेनानी सबसे ज्यादा दस घंटे, चेन्नई दूरंतो पौने आठ घंटे और सियालदह दूरंतो छह घंटे की देरी से पहुंची।
इसी तरह से कई अन्य ट्रेनें दो से पांच घंटे की देरी से गंतव्य पर पहुंची। घंटों देरी से ट्रेनों के चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि कोहरा ज्यादा होने की वजह से एहतियातन ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ती है, जिससे उन्हें गंतव्य पर पहुंचने में देरी हो रही है। ट्रेनों को समय पर रवाना करने की कोशिश हो रही है।
Delhi Kirari Fire: पहले भाई का साथ छूटा, अब माता-पिता व भाभी का; आग ने सब कुछ छीन लिया
Delhi Metro: जाम से बचने के लिए कॉमेडियन कपिल शर्मा ने की दिल्ली मेट्रो में सवारी