Delhi Lockdown: सीएम बोले- हमें आपकी जिंदगी बचाने के लिए सख्ती बरतनी होगी, वायरस खतरनाक है
Delhi Lockdown दिल्ली में सोमवार की सुबह से लॉकडाउन जारी है। इस पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग इस लॉकडाउन का सही से पालन नहीं कर रहे हैं। उन पर सख्ती बरती जाएगी।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Delhi Lockdown: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन का पालन नहीं करने वालों पर सख्ती करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस बहुत खतरनाक है और गुणात्मक रूप से बहुत तेजी से फैलता है। इसलिए लॉकडाउन करना बेहद जरूरी है। सोमवार को पहले दिन लोगों ने लॉकडाउन का पालन नहीं किया। ऐसे में लोगों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली में अभी तक कुल 30 केस आ चुके हैं, जिसमें सात केस एक-दूसरे के संपर्क में आने के हैं, जबकि 23 केस विदेश से आए लोगों के हैं।
ज्यादा बसें चलाने का निर्णय
आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों की परेशानी देखते हुए मंगलवार से 25 फीसद की जगह 50 फीसद बसें सड़क पर उतरेंगी। मुख्यमंत्री ने मकान मालिकों से अपील की है कि ऐसे वक्त में वे अपने किरायेदारों से अभी किराया न लें। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मील एवं आंगनबाड़ी के बच्चों के घर खाने के पैकेट भी भेजे जाएंगे।
डिजिटल प्रेस कॉफ्रेंस कर किया संबोधित
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर सोमवार शाम डिजिटल प्रेस कांफ्रेंस कर केजरीवाल ने दिल्ली के निवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश और दिल्ली में कोरोना की वजह से जो स्थिति बनी है, उसे देखते हुए हमें दिल्ली में लॉकडाउन करना पड़ा है। ज्यादातर लोग इसका पालन कर रहे हैं, लेकिन बहुत से लोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों से कहना चाहता हूं कि वे यह अच्छी तरह से समझ लें कि हमें लॉकडाउन क्यों करना पड़ा है। यह आपकी सेहत, जिंदगी और आपके परिवार की जिंदगी के लिए कर रहे हैं। कोरोना वायरस पूरी दुनिया तबाही मचा चुका है।
दिल्ली में स्थिति फिलहाल नियंत्रित
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक दिल्ली में 30 केस आए हैं। इन 30 में से 23 ऐसे हैं, जो विदेशों से लोग आए थे। इन लोगों से सात लोग बीमार हुए हैं। इससे लगता है कि दिल्ली की स्थिति अभी नियंत्रण में है, जो अच्छी बात है, लेकिन अभी पीठ थपथपाने की बात नहीं है। अभी हमें इसे और नियंत्रित करने की जरूरत है। यदि हमने इसे नियंत्रित कर लिया, तो बहुत अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि मान लीजिए आज हम लॉकडॉउन नहीं करते हैं। इसे नियंत्रित नहीं करते हैं और यह फैल जाता है। दिल्ली में अगले कुछ दिनों के अंदर 15 से 20 हजार केस हो जाते हैं, तो अस्पातलों के बेड कम पड़ जाएंगे। तब लॉकडाउन का कोई फायदा नहीं होगा।
गरीबों का रखा जाएगा ख्याल
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान गरीबों को बहुत मार पड़ रही है। उनके लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं, और आगे भी कदम उठाए जाएंगे। 72 लाख लोग ऐसे हैं जिन्हें 7.5 किलो गेहूं और चावल मुफ्त दिया जा रहा है। 8.5 लाख बुजुर्गो, विधवाओं और विकलांगों को 4000 से 5000 रुपये पेंशन दें रहे हैं। रैन बसेरा में हर जगह दोपहर और रात का भोजन मुफ्त दिया जा रहा है। किसी को भी खाने की दिक्कत है तो वह वहां जाकर खा सकता है। राशन 30 मार्च तक दुकानों में पहुंच जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Coronavirus: कैदियों को स्पेशल पैरोल व फर्लो पर छोड़ सकती है दिल्ली सरकार