सीएम केजरीवाल ने की साइकिल की सवारी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में इलेक्ट्रिक वाहन नीति का मसौदा पेश किया है। इसमें इलेक्ट्रिक तिपहिया, रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर सब्सिडी देने का प्रस्ताव है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर साइकिल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की और साइकिल की सवारी की। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनसे ई साइकिलों को प्रोत्साहन के लिए विशेष नीति बनाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ई साइकिल की खूबियों के बारे में भी बताया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है।
दिल्ली सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में इलेक्ट्रिक वाहन नीति का मसौदा पेश किया है। इसमें इलेक्ट्रिक तिपहिया, रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर सब्सिडी देने का प्रस्ताव है। नीति में 2021 तक दिल्ली में सभी नए पंजीकृत होने वाले वाहनों में से 25 फीसद ई वाहनों का लक्ष्य तय किया गया है।
तीन किलोमीटर के दायरे में चार्ज होगी बैटरी
दिल्ली सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे मसौदे में दिल्ली में कहीं से भी तीन किलोमीटर के दायरे में बैटरी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा गैर इलेक्ट्रिक वाहनों पर अतिरिक्त शुल्क से इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन पर खर्च होने वाली राशि जुटाने का प्रस्ताव है।