Weather Update: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, छाए बादल; बारिश के आसार
मौसम में इस बदलाव का कोई खास असर तापमान पर नहीं पड़ेगा। तापमान में अब लगातार वृद्धि ही होनी है। संभावना है कि इस महीने के अंत तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। धीरे-धीरे गर्म हो रहे मौसम के बीच सोमवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं, हल्की बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं। यह अलग बात है कि मौसम में इस बदलाव का कोई खास असर तापमान पर नहीं पड़ेगा। तापमान में अब लगातार वृद्धि ही होनी है। संभावना है कि इस महीने के अंत तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर की तरफ एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे सोमवार को बादल छाए रहेंगे। स्काईमेट वेदर के अनुसार इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम में बदलाव का तापमान पर नहीं पड़ेगा कोई खास असर महीने के अंत तक 35 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना
इससे पहले रविवार को आसमान साफ होने से खासी गर्माहट का अहसास हुआ। दिन भर तेज धूप भी खिली रही। अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। नमी का स्तर 31 से 70 फीसद रहा। रविवार को शाम में भी लोगों को ठंड महसूस नहीं हुई।
अधिकतर लोग देर शाम व रात में भी बिना स्वेटर के दिखे। सिर्फ रात में कुछ बाइक सवार ही स्वेटर व जैकेट में नजर आए। रात में बाइक चलाते समय अभी गर्म कपड़े इसलिए भी जरूरी है क्योंकि हवा के कारण ठंड महसूस होती है। सोमवार को भी मौसम गर्म ही रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 व 16 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।