कोरोना के संकट काल में माता-पिता के नक्शे कदम पर चलकर बच्चे दे रहे समाजसेवा में योगदान
कोरोना से परेशान लोगों की मदद के लिए नन्हें बच्चे भी आगे आ रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए जरूरतमंत लोगों की सेवा में परिवार का साथ दे रहे हैं। इस ने काम की हर जगह तारीफ हो रही है।
नई दिल्ली (रितु राणा)। शाहदरा के मानसरोवर पार्क में रहने वाले नन्हें बच्चे अपने बड़ों के नक्शे कदम पर चलकर वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए जरूरतमंत लोगों की सेवा में परिवार का साथ दे रहे हैं। निश्चय निशा जैन संस्था के राष्ट्रीय संयोजक सौरभ जैन ने बताया कि उनकी मां निशा लोगों की खूब मदद करती थीं, उनके नाम पर बनी उनकी यह संस्था निरंतर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहती है और आज यही समाजसेवा के गुण उनके साथ-साथ घर के बच्चों में भी आ गए हैं।
लॉकडाउन में पूरी टीम कर रही थी राशन वितरण
सौरभ ने बताया कि लॉकडाउन में रोजाना हमारी पूरी टीम को राशन वितरण करता देख बच्चे भी खूब प्रेरित हुए और वह भी इस सेवा में योगदान देने की जिद्द करने लगे। उनके इसी उत्साह का परिणाम हुआ कि संस्था की सबसे छोटी सदस्य दिव्या गुप्ता ने मास्क डिज़ाइन किए, जिसके बाद संस्था की स्वाभिमानी महिलाओं ने मास्क बनाने का काम शुरू किया।
बच्चे पढ़ाई से समय निकाल कर करते हैं नेक काम
अब रोजाना पढ़ाई से कुछ देर समय निकालर घर के सभी बच्चे पिहुल जैन, रेनिशा जैन, नव्या जैन, रिद्धिमा जैन, अविक, अग्सत्या सिंह, तुषार सोनी, तुषार शर्मा मिलकर घर में बने इन मास्क की अच्छे से पैकिंग करते हैं और उन्हें गिन-गिनकर रखते हैं।
अब तक 8000 मास्क निशुल्क बांटा जा चुका
उसके बाद इन मास्क को संस्था की अध्यक्ष सुरभि जैन, महासचिव डीपी सिंह जैन, बलजीत सिंह, कपिल सोनी, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. शिल्पी जैन के सहयोग से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। अब तक संस्था द्वारा आठ हजार मास्क निशुल्क जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं। संस्था के सदस्यों के साथ-साथ बच्चे भी खूब उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर इस नेक कार्य में योगदान दे रहे हैं। बता दें कि कोरोना के कारण लोग परेशान हैं। हालांकि सरकार ने लॉकडाउन को अब खत्म कर अब सब चीजों को अनलॉक करना शुरू कर दिया है।