निगमबोध घाट पर पंचतत्व में विलीन हुए चंद्रास्वामी
चंद्रास्वामी के साथ करीबी रूप से जुड़े रहे दिवंगत प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर, उनके भतीजे और प्रशंसकों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। कभी प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के साथ कई मुख्यमंत्री और विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के नजदीकी रहे तांत्रिक चंद्रास्वामी की अंतिम विदाई में न राजनीतिक गलियारे का कोई परिचित चेहरा नजर आया न फिल्मी दुनिया के। उनके आश्रम के भक्तों के बीच उनको दिल्ली के निगम बोध घाट में पंचतत्व में विलीन किया गया।
इस मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर, राजस्थान के मंत्री यशवंत यादव व उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के विधायक विक्रम सिंह व उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सतीश शर्मा भी पहुंचे। चंद्रास्वामी के मुंहबोले भतीजे अंशुमन सिंह ने मुखाग्नि दी। लंबी बीमारी के बाद चंद्रास्वामी का निधन मंगलवार को दिल्ली के एक अस्पताल में हो गया था।
यह भी पढ़ें: पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के दौर में चर्चित हुए तांत्रिक चंद्रास्वामी का निधन
इसके पहले उनके शरीर को कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया में आश्रम से निगमबोध घाट शव वाहन से लाया गया। जहां अंतिम दर्शन के लिए उनके काफी भक्त उमड़े थे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए काफी संख्या में दिल्ली पुलिस के सिपाही तैनात थे। उम्मीद थी कि उनको श्रद्धांजलि देने सत्ता के गलियारे से लोग आएंगे, जहां कभी उनकी हनक हुआ करती थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: करोड़ों की संपत्ति पर थी बंटी की नजर, 50 दिन पहले रची गई थी हत्या की साजिश