दिल्ली में लूट का अजब मामला आया सामने, बदमाशों ने ऐसा दिया घटना को अंजाम
शातिर बदमाश भोले-भाले लोगों को लूटने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपनाते हैं। ऐसा ही एक मामला ज्योति नगर में सामने आया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। शातिर बदमाश भोले-भाले लोगों को लूटने के लिए अजीबोगरीब तरीके अपनाते हैं। ऐसा ही एक मामला ज्योति नगर में सामने आया है। यहां दो बदमाशों ने खुद को चोटिल कर घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला से हल्दी मांगी। इसके बाद वहां से निकलते समय बदमाश पैर छूने के बहाने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता प्रकाशी देवी (60) की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन उसमें बदमाश नहीं दिखे। प्रकाशी देवी परिवार के साथ गली नंबर-4, अशोक नगर में रहती हैं। उनकी मौसेरी बहन ननकी देवी गली नंबर-3 में रहती हैं। शनिवार दोपहर प्रकाशी देवी उनसे मिलने आई थीं। दोनों घर के बाहर चारपाई पर बैठकर बातें कर रही थीं। करीब 2:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके घर पर पहुंचे और वहीं स्लैब पर बैठ गए।
एक युवक के दाहिने हाथ की अंगुली में चोट लगी थी और खून निकल रहा था। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में चोट लगी है और जख्म पर लगाने के लिए हल्दी मांगी। उन्होंने घर से हल्दी मंगवाकर उन्हें दे दिया। हल्दी लगाने के बाद दोनों युवक वहीं बैठकर फोन पर बात करने लगे। करीब आधे घंटे बाद दोनों मोटरसाइकिल पर बैठ गए। इसके बाद प्रकाशी देवी के पास पैर छूने के बहाने पहुंचे। एक बदमाश पैर छूने लगा तो दूसरे उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इस दौरान बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह चारपाई से नीचे गिर गई।
प्रकाशी देवी के बेटे जितेंद्र ने बताया की वारदात के बाद पता चला कि बदमाश ने गली में घुसने पर खुद ही अंगुली को जख्मी किया था, ताकि घायल होकर उनकी मां और मौसी को झांसे में ले सकें। इसके बाद मौके का इंतजार करने के लिए फोन पर बात करने लगे। गली में जब लोगों की आवाजाही नहीं दिखी तो उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया।