सीलिंग पर AAP हुई हमलावर, व्यापारियों के समर्थन में लड़ेगी आरपार की लड़ाई
ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम वाले मनमानी पर उतर आए हैं। विधायक अनिल बाजपेयी ने कहा कि गांधी नगर में सीलिंग नहीं होने देंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा सत्र के अंतिम दिन चर्चा के दौरान शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि सीलिंग की आड़ में नगर निगम जनता को परेशान कर रहे हैं। लोगों से उगाही की जा रही है। दिल्ली के व्यापारी सीलिंग से परेशान हैं, जिसका हल केंद्र की भाजपा सरकार के पास है। सरकार संसद में अध्यादेश लाकर इस समस्या से निजात दिला सकती है।
नहीं मिल रही व्यापारियों को राहत
हम लोग बार-बार इसकी मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार व्यापारियों को राहत नहीं देना चाहती है। जैन ने कहा कि दुकानें सील की जा रही हैं, लेकिन मुख्य समस्या अतिक्रमण को लेकर है। नगर निगम के लोग लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर भी अतिक्रमण करा रहे हैं। सड़कों पर भी अवैध कब्जा करा रहे हैं।
फुटपाथ पर अवैध कब्जे से परेशानी
फुटपाथ पर अवैध कब्जे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। नगर निगम के अधिकारी सीलिंग के समय मास्टर प्लान को भी नजरंदाज कर रहे हैं। उन कारोबार को भी सील किया जा रहा है, जिन्हें मास्टर प्लान में छूट दी गई है।
नगर निगम कर रहा मनमानी : सौरभ
ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम वाले मनमानी पर उतर आए हैं। उनके इलाके के जिन बाजारों से कन्वर्जन शुल्क नहीं लिए जाने का प्रावधान है, वहां से भी यह शुल्क लिया जा रहा है। जो शुल्क नहीं दे रहे हैं, उनके प्रतिष्ठान सील किए जा रहे हैं।
नहीं होने देंगे सीलिंग : अनिल
विधायक अनिल बाजपेयी ने कहा कि गांधी नगर में सीलिंग नहीं होने देंगे। उनके इलाके में गलत तरीके से सीलिंग हो रही है। यदि इसके लिए उन्हें जेल जाना पड़ा तो भी पीछे नहीं हटेंगे। सीलिंग को लेकर विधायक ऋतुराज, अजय दत्त व सरिता सिंह ने भी सवाल उठाए।
गलत तरीके से सील हुई फैक्ट्री
सरिता सिंह ने दैनिक जागरण की खबर का जिक्र करते हुए कहा कि फैक्ट्री सील कर दिए जाने से व्यापारी की मौत हो गई। उनकी फैक्ट्री गलत तरह से सील की गई थी। विधायक एस के बग्गा ने कहा कि सीलिंग जल्द रुकनी चाहिए। उन्होंने अपने इलाके में लोक निर्माण विभाग की जमीन पर एक पूर्व पार्षद द्वारा कब्जा कर लिए जाने का भी मामला उठाया।