CBSE Exam 2022: सरल आया बिजनेस स्टडीज का पेपर, विद्यार्थी दिखे खुश
वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एवरग्रीन स्कूल के बाहर परीक्षा देकर आए विद्यार्थियों ने बताया कि इस बार का पेपर पहले सत्र में पूछे गए प्रश्नों की तुलना में काफी आसान आया। 40 अंकों के कुल 12 प्रश्न पूछे गए थे जिनके जवाब उन्होंने निर्धारित समय अवधि के अंदर दे दिए थे।
नई दिल्ली [रितु राणा]। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा मंगलवार को 12वीं कक्षा (कामर्स) के विद्यार्थियों के लिए दूसरे सत्र की बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा का आयोजन किया गया। पेपर खत्म होने के बाद परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थी काफी खुश नजर आए। वसुंधरा एन्क्लेव स्थित एवरग्रीन स्कूल के बाहर परीक्षा देकर आए विद्यार्थियों ने बताया कि इस बार का पेपर पहले सत्र में पूछे गए प्रश्नों की तुलना में काफी आसान आया। प्रश्न पत्र में 40 अंकों के कुल 12 प्रश्न पूछे गए थे, जिनके जवाब उन्होंने निर्धारित समय अवधि के अंदर दे दिए थे। कुछ विद्यार्थियों के अनुसार, पेपर कठिन नहीं था लेकिन केस स्टडी में समय लगा।
प्रतिक्रिया
पेपर पूरी तरह से एनसीईआरटी आधारित था। मुझे किसी भी प्रश्न का उत्तर देने में अधिक समय नहीं लगा। सभी प्रश्न अच्छे से और समय पर पूरे किए।
वंशिका, डा. संपूर्णानंद कन्या विद्यालय सी एक यमुना विहार
मैंने सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। पेपर आसान था और सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से ही थे।
नेहा, डा. संपूर्णानंद कन्या विद्यालय सी एक यमुना विहार
पेपर आसान आया था, लेकिन कुछ प्रश्न घुमाकर पूछे गए थे। पांच और तीन अंक वाले प्रश्न तो सभी एनसीईआरटी से ही थे।
लविश चौधरी, एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, वसुंधरा एन्क्लेव।
पूरा पेपर अच्छा था, केवल दो अंकों के प्रश्न घुमाकर पूछे गए। इन्हें थोड़ा सोचकर हल करना पड़ा इसलिए समय लगा। फिर भी पेपर समय पर पूरा हो गया था।
तनिशा जैन, एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, वसुंधरा एन्क्लेव।
प्रश्न पत्र काफी सरल था और बिल्कुल भी लंबा नहीं था। सभी विद्यार्थियों की परीक्षा समय पर पूरी हो गई थी। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम के भीतर से पूछे गए थे। जिसने किताबें अच्छे से पढ़ीं हैं वो पूरा पेपर आसानी से कर सकता था। सभी विद्यार्थी पेपर से काफी संतुष्ट दिखे।
ममता, पीजीटी, बिजनेस स्टडीज, डा. संपूर्णानंद कन्या विद्यालय सी एक यमुना विहार
पेपर की गुणवत्ता अच्छी थी और प्रश्न छात्रों की अपेक्षा के अनुरूप ही पूछे गए थे। कुछ प्रश्न थोड़े घुमावदार थे। दो अंक वाले प्रश्न काफी घुमाने वाले थे, जिसमें विद्यार्थियों को काफी सोचने और बुनियादी बातों को याद करने की जरूरत पड़ी होगी। प्रश्नों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि छात्रों की क्षमता का सर्वोत्तम परीक्षण किया जा सके। जिन विद्यार्थियों ने एनसीईआरटी से तैयारी की होगी, उनके लिए किसी भी प्रश्न को हल करना ज्यादा मुश्किल नहीं हुआ होगा।
नेहा गोयल, पीजीटी बिजनेस स्टडीज, एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, वसुंधरा एन्क्लेव।