Toll Tax में छूट देने से किया इनकार तो कार चालक ने टोल कंपनी के PRO का फोड़ा सिर Gurugram news
दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार की दोपहर करीब 120 पर एक युवक ने टोल संचालक कंपनी के पीआरओ कृपाल सिंह के सिर में पत्थर मार घायल कर दिया।
गुरुग्राम,जेएनएन। विवादों के चलते सुर्खियों में रहने वाले खेड़की टोल प्लाजा पर एक नया मामला सामने आया। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर शुक्रवार की दोपहर करीब 1:20 पर एक युवक ने टोल संचालक कंपनी के पीआरओ कृपाल सिंह के सिर में पत्थर मार घायल कर दिया। उन्हें मेदांता मेडिसिटी में दाखिल कराया गया है।
दरअसल, एक कार में सवार होकर तीन युवक टोल पर पहुंचे थे। चालक मानेसर थाना क्षेत्र के गांव बाघनकी का रहने वाला है। टोल कलेक्टर ने आइडी मांगी तो उसने मानेसर के पते की आइडी दिखाई। जिसके बाद टोल में छूट देने से टोल कलेक्टर ने मना कर दिया। जिसके बाद कार में सवार तीनों युवक उससे झगड़ा करने लगे।
इसी बीच पीआरओ कृपाल सिंह पहुंच गए और उन्होंने युवकों को समझाकर टोल की रकम देने को कहा। इसी दौरान एक युवक ने उनके सिर पर पास में ही पड़ा पत्थर उठाकर मार दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से कृपाल सिंह वहीं पर गिर पड़े। इसी बीच कार सवार युवक भाग गए। लहूलुहान हालत में कृपाल को मेंदाता लाकर इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कियागया। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को रामपुरा गांव निवासी प्रमोद और तुषार ने गुंडागर्दी दिखाई थी। दोनों ने टोल नहीं देने के बजाय बूम बैरियर हटा कार निकाली तो कृपाल सिंह व सुरक्षा गार्ड ने रोकने का प्रयास किया तो प्रमोद ने कार चढ़ाने का प्रयास किया कृपाल बचने के लिए कार की बोनट पर गिर गए तो उन्हें सौ मीटर आगे तक उसी हालत में कार चालक ले गया था। शाम को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले 21 जून को एक महिला टोल कलेक्टर को एक कार चालक ने घूंसा जड़ दिया था।