यूपी, एमपी के बाद अब दिल्ली में दिखेगा बुलडोजर, जहांगीरपुरी में कबाड़ माफिया पर होगा एक्शन
Bulldozer in Delhi प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उत्तरी निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। जिससे माना जा रहा है कि बुधवार को यहां पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। हनुमानोत्सव में शोभा यात्रा के दौरान पथराव करने वाले आरोपितों के घर और संपत्ति पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बुलडोजर चल सकता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उत्तरी निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। जिससे माना जा रहा है कि बुधवार को यहां पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि निगम ने मंगलवार को भी जहांगीरपुरी में कबाड़ियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के इजाजत के लिए पुलिस की सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने मिल पाने से यह नहीं हो पाया।
आदेश गुप्ता ने अपने पत्र में महापौर को कहा है कि 16 अप्रैल को निकाली गई शोभा यात्रा पर कुछ असमाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। जबकि इन्हें स्थानीय आम आदमी पार्टी नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। जिसके चलते जहांगीरपुरी इलाके में अवैध निर्माण और अतिक्रमण किया हुआ है। इसलिए इन असमाजिक तत्वों द्वारा किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण चिह्नित कर उस पर बुलडोजर चलाया जाए।
वहीं, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि हमे जो जानकारी मिली है कि वहां पर असमाजिक तत्वों ने कबाड़ के जरिये सड़़क और सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर रखा है। ऐसे में हमने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहांगीर पुरी इलाके को अतिक्रमण और अवैध निर्माण से मुक्त कराया जाए। महापौर ने बताया कि हमारे जोनल अधिकारियों ने मंगलवार को भी उस इलाके को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए पुलिस फोर्स मांगी थी, लेकिन पुलिस न मिल पाने की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। अब हम बुधवार को फिर कार्रवाई करेंगे।