विकास की उड़ान को थाम रही बजट की लगाम
दिल्ली सरकार जहां चांदनी चौक इलाके का सुंदरीकरण कर उसे बेहतरीन पर्यटक स्थल बनाने में लगी है तो वहीं उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पास इन दिनों बजट की कमी होने के कारण पुरानी दिल्ली में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली सरकार जहां चांदनी चौक इलाके का सुंदरीकरण कर उसे बेहतरीन पर्यटक स्थल बनाने में लगी है तो वहीं उत्तरी दिल्ली नगर निगम के पास इन दिनों बजट की कमी होने के कारण पुरानी दिल्ली में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इसके कारण पुरानी दिल्ली में तेजी से होने वाले विकास पर लगाम लग गई है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सदर पहाड़गंज (एसपी) जोन के चेयरमैन मोहम्मद सादिक खुद इस बात को स्वीकार करते हैं कि बजट के कारण कई विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं, जिसे पार्षद जोन कमेटी की बैठक में उठाते हैं।
चांदनी चौक, दरियागंज, सदर बाजार, खारी बावली, चावड़ी बाजार, नई सड़क, हौजकाजी व लालकुआं आदि इलाके में विकास के कार्य किए जाने थे, जिनमें गड्ढे भरने, सड़क बनाने, सीवर व स्वच्छता आदि प्रमुखता से होने वाले कार्य हैं। इसके अलावा निगम के प्राथमिक स्कूलों का विकास आदि कार्य भी इसमें शामिल है। एसपी जोन के चेयरमैन मोहम्मद सादिक ने बताया कि उत्तरी दिल्ली के पास बजट नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है।
इस कारण पुरानी दिल्ली समेत अन्य दिल्ली के इलाकों में रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी कॉलोनियों में विकास के कार्य थम गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट को लेकर कई बार महापौर और आयुक्त से बातचीत की गई है, जिसके बाद भी कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक की सूरत अब बदलने लगी है। हालांकि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है।
इधर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के करोल बाग जोन स्थित झंडेवालन बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय बनाया जाएगा। बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय नहीं है। इससे बाजार आने वाली महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती थी। महिलाओं ने इसकी शिकायत पार्षद बबीता भरीजा से की थी।
पार्षद ने यह मामला निगम सदन की बैठक में उठाया था, जिस पर महिलाओं के लिए अलग शौचालय के निर्माण का रास्ता निकला। बाजार में पहले से मौजूद निगम के एकमात्र शौचालय को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। उसका एक हिस्सा महिलाओं के उपयोग में लाया जाएगा। इसमें महिलाओं के लिए दो टॉयलेट सीट लगाई जाएंगी। इसका रखरखाव स्थानीय व्यापारियों का संगठन संभालेगा।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो