शादी की रस्म के दौरान वाट्सएप पर दूल्हे के बारे में खुला सनसनीखेज राज
दूल्हा पक्ष का गलत जानकारी देना भारी पड़ गया। इसको लेकर वधू पक्ष के लोगों ने शादी से इन्कार कर दिया।
गाजियाबाद (हसीन शाह)। आधार कार्ड में दूल्हे की उम्र कम पाए जाने पर दुल्हन पक्ष ने बिना दुल्हन के ही बरात को खाली हाथ लौटा दिया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की उम्र छिपाकर शादी करने का आरोप लगाते हुए वर पक्ष को खूब खरी खोटी सुनाई। उम्र कम होने की वजह से शादी टूटना कॉलोनी में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ईदगाह कॉलोनी निवासी मनहर बस चालक है। दो माह पूर्व उसके दोनों बेटे सोनू व शाहिद का रिश्ता बागपत जिले के दोजा गांव में ही दो अलग-अलग परिवारों में तय हुआ था। सोमवार सुबह दस बजे उसके दोनों बेटे गाजे-बाजे के साथ बरात लेकर दोजा गांव के लिए रवाना हो गए।
बताया गया कि गांव में दोनों की बरात पहुंचते ही दुल्हन पक्ष ने बरातियों का जोरदार स्वागत किया। डीजे की धुन पर बरातियों ने खूब जश्न भी मनाया।
वहीं, भोजन करने के बाद दोपहर तीन बजे निकाह की तैयारी शुरू कर दी गई। पहले मौलाना ने शाहिद का निकाह पढ़ाया। इसके बाद मौलाना ने सोनू का निकाह पढ़ाना शुरू किया।
जैसे ही मौलाना ने सोनू से कुबूल कहने के लिए कहा तो दुल्हन के चाचा ने सोनू की उम्र कम बताते हुए कुबूल कहने से रोक दिया। चाचा के पूछताछ करने पर परिजनों ने सोनू की उम्र 18 साल बताई।
चाचा ने सोनू की उम्र 18 साल से कम बताते हुए उसका आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा। परिजनों ने शादी में अपने साथ आधार कार्ड नहीं लाने का हवाला देते हुए दिखाने से इन्कार कर दिया।
दुल्हन के चाचा ने वाट्सएप के जरिये आधार कार्ड का फोटो मंगाने के लिए कहा। इसे लेकर काफी देर तक दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। बाद में परिजनों ने वाट्सएप के जरिये सोनू के आधार कार्ड का फोटो मंगवाया।
आधार कार्ड में सोनू की उम्र 17 वर्ष लिखी हुई थी। दूल्हे की आयु कम होने के कारण वधु पक्ष ने उसके साथ निकाह कराने से से साफ इन्कार कर दिया।
वर पक्ष ने दुल्हन पक्ष को काफी मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़े रहे। सोमवार देर शाम वर पक्ष को खाली हाथ ही बरात लेकर घर लौटना पड़ा।