UP: रेलवे ट्रैक पर मिले छात्र-छात्रा के शव, झूठी शान के लिए हत्या की आशंका
लड़का 12वीं व लड़की सातवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों एक दूसरे को जानते थे। छात्रा मंडल स्तर की एथलीट खिलाड़ी थी। उसने कई मेडल भी जीते थे।
नोएडा, जेएनएन। दादरी कोतवाली क्षेत्र के मायचा गांव की मढ़ैया के समीप रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह एक लड़का व लड़की के शव कटी हुई अवस्था में मिले। लड़का 12वीं व लड़की सातवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों एक दूसरे को जानते थे। छात्रा मंडल स्तर की एथलीट खिलाड़ी थी। उसने कई मेडल भी जीते थे। मामले में छात्र के परिजन ने छात्रा के परिजन पर हत्या का आरोप लगाते हुए ऑनर किलिंग की आशंका व्यक्त की है। छात्र के परिजन का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद वह तय करेंगे कि वह आगे क्या कार्रवाई चाहते है।
बुधवार सुबह ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना मिली कि अजायबपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मायचा की मढ़ैया के समीप रेलवे ट्रैक पर एक लड़का व लड़की के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की पहचान की तो पता चला कि दोनों दादरी कोतवाली क्षेत्र के ही अलग-अलग गांव के रहने वाले है। लड़का 18 व लड़की की उम्र 14 के करीब थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा मंगलवार शाम चार बजे अपने घर से दौड़ लगाने के लिए निकली थी। वह रोजाना दौड़ लगाने जाती थी। वह मंडल स्तर की एथलीट खिलाड़ी थी। मंगलवार देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो पुलिस ने भी उसकी तलाश की थी लेकिन कुछ पता नहीं चला था। वहीं छात्र भी मंगलवार शाम से ही घर से निकला था। वह सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। वह भी रोजाना दौड़ लगाने के लिए जाता था। मंगलवार रात वह भी दौड़ लगाकर घर नहीं लौटा था और बुधवार सुबह शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
बहन का रो-रो कर बुरा हाल
छात्र के पिता पंजाब की एक कंपनी में नौकरी करते है। उनके तीन बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा सेना की तैयारी कर रहा था, इसलिए वह रोजाना दौड़ लगाता था। बड़े भाई की मौत के बाद से बहन का रो-रो कर बुरा हाल है। वह मानने को तैयार ही नहीं है कि उसका बड़ा भाई अब इस दुनिया में नहीं है।
पुलिस मान रही आत्महत्या
पुलिस को आशंका है कि छात्र-छात्रा दोनों ने आत्महत्या की है। दोनों एक दूसरे को जानते थे। लेकिन किसी वजह से दोनों एक नहीं हो सके। इस वजह से दोनों ने मौत को गले लगाया है। हालांकि पुलिस का यह भी कहना है कि दोनों में से कोई भी पक्ष यदि लिखित शिकायत देता है तो उस आधार पर आगे की जांच की जाएगी।