Move to Jagran APP

सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में है आंतरिक लोकतंत्र : बीएल संतोष

भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि देश में इस समय सिर्फ भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जिसमें आंतरिक लोकतंत्र जीवित है। कम्युनिस्ट पार्टी में भी यह व्यवस्था है लेकिन वह अब महत्वहीन हो चुकी है।

By Jp YadavEdited By: Published: Thu, 01 Jul 2021 11:35 AM (IST)Updated: Thu, 01 Jul 2021 11:35 AM (IST)
सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में है आंतरिक लोकतंत्र : बीएल संतोष
सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में है आंतरिक लोकतंत्र : बीएल संतोष

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि देश में इस समय सिर्फ भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र जीवित है। कम्युनिस्ट पार्टी में भी यह व्यवस्था है, लेकिन वह अब महत्वहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर आधारित पार्टी है। यहां पद पाने के लिए किसी की शिक्षा या पृष्ठभूमि नहीं बल्कि पार्टी की विचारधारा व संगठन के प्रति लगाव और जिम्मेदारी लेने का भाव काम करता है। उन्होंने पदाधिकारियों को समर्पण भाव से संगठन विस्तार के लिए काम करने और पुराने सभी कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेने की सलाह दी। वह दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और कोरोना संकट के समय उठाए गए कदमों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संकट में भी विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और विरोध करने की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट का सामना करने के लिए मोदी सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों की जानकारी जनता तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दो दिन पूर्व ही एक बार फिर से छह लाख करोड़ से ज्यादा का राहत पैकेज जारी किया है, जिसके तहत 50 हजार करोड़ रुपया अस्पतालों के निर्माण के लिए और 30 हजार करोड़ रुपया स्वास्थ्य सेवाओं और बाल चिकित्सालयों के विस्तार एवं नवीनीकरण के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवालों पर दोहरी मार पड़ी है, क्योंकि एक तरफ महामारी की मार थी तो दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल सरकार की लापरवाही। इस सरकार की ओछी राजनीति का कड़ा जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की पूरी राजनीति झूठ पर टिकी है। केजरीवाल सत्ता के मद में चूर हैं और जनता का दुख दर्द भूलकर भ्रष्टाचार में जुटे हैं। कोरोना संकट में केजरीवाल सरकार नदारद थी। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता जरूरतमंदों की सेवा में जुटे रहे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार हर काम राजनीतिक द्वेष से करती है। इस सरकार की अक्षमता और विफलता के कारण ही दिल्ली पर संकट आया।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली भाजपा की सह-प्रभारी डा. अलका गुर्जर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद मनोज तिवारी, मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, गौतम गंभीर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, विधायक विजेंद्र गुप्ता, असम भाजपा के सह-प्रभारी पवन शर्मा, जम्मू-कश्मीर के सह-प्रभारी आशीष सूद आदि मौजूद थे। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.