RSS का कम्युनिस्टों पर बड़ा हमला, 'आपका इतिहास खून से भरा हुआ'
केरल में खूनी हमले के खिलाफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले केरल के कन्नूर जिले में पिछले दिनों कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कार्यकर्ता संतोष पर हमला कर हत्या कर दी थी। इससे नाराज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया।
अब याचना नहीं रण होगा
इस मौके पर सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि कम्युनिस्ट सरकार सत्ता नहीं संभाल रहे, बल्कि अपने विरोधियों को चुनचुन कर मार रहे हैं। पूरे विश्व में कम्युनिस्टों का इतिहास खून से भरा हुआ है। उन्होंने नाराजगी भरे सुर में कहा कि अब याचना नहीं रण होगा।
यह भी पढ़ेंः UP चुनावः वंशवाद के सवाल पर ये क्या बोल गए पंकज सिंह, जानिए उन्हीं की जुबानी
कन्नूर में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या
पिछले दिनों केरल में सीपीएम सरकार के समर्थित गुंडों द्वारा हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को खूनी हमले के खिलाफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा का विरोध प्रदर्शन केरल भवन के नजदीक भी हुआ।
इस मौके पर धरना प्रदर्शन में भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल, दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी,
संघ के वरिष्ठ पदाधिकरी दत्तात्रेय होसबोले, आलोक कुमार, विहिप के सुरेंद्र जैन और दिल्ली से सांसद मिनाक्षी लेखी भी मौजूद थीं।
यह भी पढ़ेंः यूपी चुनावः सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राजनाथ सिंह के बेटे का बड़ा बयान
यहां पर बता दें कि पिछले दिनों राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जाने वाले कन्नूर जिले में कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के 30 वर्षीय एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में थालीपरंबा स्थित आरएसएस के कार्यालय पर एक देसी बम फेंका गया. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। भाजपा कार्यकर्ता संतोष पर कल रात उस वक्त हमला किया गया, जब वह धर्मादोम के अंदालूर स्थित अपने घर पर अकेला था।
कन्नूर के पुलिस अधीक्षक केपी फिलिप ने बताया कि संतोष की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही मौत हो गई। संतोष ने पिछला स्थानीय निकाय चुनाव भी लड़ा था।