परिणाम के बाद चुनाव में दगा देने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ होगी कार्रवाई
लोकसभा चुनाव में पार्टी के हित में काम नहीं करने वाले नेताओं के खिलाफ दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्रवाई कर सकती है। ऐसे नेताओं की सूची तैयार की जा रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में पार्टी के हित में काम नहीं करने वाले नेताओं के खिलाफ दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्रवाई कर सकती है। ऐसे नेताओं की सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही उन्हें लेकर कोई फैसला किया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगमों की कार्य प्रणाली में सुधार लाने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में कई वरिष्ठ नेताओं के रवैये को लेकर कार्यकर्ताओं को शिकायत है। उनका कहना है कि पार्टी में महत्वपूर्ण पदों पर रहने और पार्टी के टिकट पर चुनाव जीत चुके कई नेताओं ने इस चुनाव में मेहनत नहीं की है। कई ऐसे भी नेता हैं जो पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ दुष्प्रचार करने के साथ ही विरोधियों की मदद की है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि जल्द ही इन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वह अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। नगर निगमों की कार्य प्रणाली सुधारने के लिए वह पार्षदों के साथ भी बैठक कर रहे हैं। मंगलवार को लगभग 50 पार्षदों से मिलकर निगम के काम के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने पार्षदों से निगम के कार्य में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार खत्म करने को कहा। जल्द ही वह सफाई कर्मचारियों व अन्य निगम कर्मियों से भी मिलेंगे। विपक्ष निगम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाती रहती है जिससे भाजपा की छवि लोगों के बीच खराब हो रही है। इस स्थिति को दूर करने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी है।
इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के लिए डिजिटल रथ चलाने की भी योजना है। लोकसभा चुनाव के समय डिजिटल रथ बनाए गए थे, जिसे चलाने की अनुमति चुनाव आयोग से नहीं मिली थी। अब मतगणना के बाद इन रथों के जरिये लोगों से संपर्क स्थापित किया जाएगा।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप