दिल्ली सरकार आयुष्मान जैसी योजनाओं को रोककर बैठी है: आदेश गुप्ता
मोर्चो की संयुक्त कार्यकारिणी बैठक में गुप्ता ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और निगम की सरकार के कार्यो को घर-घर पहुंचाएं तो भाजपा को फिर से जीतने से कोई नहीं रोक सकता। सह-प्रभारी डा. अलका गुर्जर ने कहा कि चुनाव में मोर्चो की अहम भूमिका होने वाली है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अगले वर्ष निगमों के होने वाले आम चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अभी से तैयारी करने का आह्वान किया है। मोर्चो की संयुक्त कार्यकारिणी बैठक में गुप्ता ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और निगम की सरकार के कार्यो को घर-घर पहुंचाएं तो भाजपा को फिर से जीतने से कोई नहीं रोक सकता।
इसलिए भाजपा के सभी मोर्चो की जिम्मेदारी है कि जन-जन तक प्रधानमंत्री आवास योजना, गरीब खाद्यान्न योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। लोगों को यह भी बताएं कि किस प्रकार दिल्ली सरकार आयुष्मान जैसी योजनाओं रोककर बैठी है जिसकी वजह से लाखों की संख्या में गरीब उसके लाभ से वंचित हैं।
आदेश गुप्ता ने कहा कि शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म जयंती को सुशासन दिवस के रुप में मनाया। राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा की सह-प्रभारी डा. अलका गुर्जर ने कहा कि चुनाव में मोर्चो की अहम भूमिका होने वाली है।
वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली भाजपा ने शिक्षण संस्थानों को बंद करने की मांग की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि बीते एक सप्ताह में ओमिक्रोन के मामलों में तेजी से वृद्धि दर्ज हो रही है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को सवरेपरि रखते हुए मेरी दिल्ली सरकार से मांग है कि वह शिक्षण संस्थानों को बंद करे। साथ ही राजधानी को कोरोना से बचाने के लिए रोडमैप बनाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए।