Move to Jagran APP

श‍िवराज ने कांग्रेस को बताया डूबता जहाज, राहुल को बताया जहाज छोड़ कर भागने वाला कैप्‍टन

शिवराज सि‍ंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पापों की वजह से मर रही है।

By Edited By: Published: Sun, 07 Jul 2019 08:18 PM (IST)Updated: Mon, 08 Jul 2019 07:48 AM (IST)
श‍िवराज ने कांग्रेस को बताया डूबता जहाज, राहुल को बताया जहाज छोड़ कर भागने वाला कैप्‍टन
श‍िवराज ने कांग्रेस को बताया डूबता जहाज, राहुल को बताया जहाज छोड़ कर भागने वाला कैप्‍टन

नई दिल्ली, जेएनएन। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व केंद्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज सि‍ंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पापों की वजह से मर रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे को लेकर तंज कंसते हुए कहा कि जब कोई जहाज डूबता है तो कैप्टन आखिरी तक उसे बचाने की कोशिश करता है, लेकिन कांग्रेस एक ऐसा जहाज है जिसमें कैप्टन (राहुल गांधी) खुद ही सबसे पहले कूद गए हैं।

loksabha election banner

सदस्‍यता के लिए लांच किया नंबर
इस दौरान उन्होंने भाजपा की सदस्यता के लिए मिस कॉल नंबर 8980808080 को लांच किया। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे सभागार में शिवराज सिंह चौहान ने मशहूर हरियाणवी सिंगर व डांसर सपना चौधरी समेत सात गणमान्य लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इनमें 70 फीसद दिव्यांग विवेक भट्ट, सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त व बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाले एलएन राव, 21 साल तक सेना में रहे गजानंद शर्मा, पूर्व आइआरएस लव सक्सेना, फ‌र्स्ट टाइम वोटर और झुग्गी बस्ती में रहने वाले आदर्श नैय्यर, ठेला लगाने वाले अखिलेश भी शामिल थे। इसके साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता ओपी बब्बर, लाल बिहारी तिवारी, मूलचंद चावला और सुभाष आर्य को सम्मानित किया गया।

नेहरू पर भी शिवराज ने साधा निशाना
शिवराज सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समय से देश को मिटाने की शुरुआत हुई। कश्मीर का एक तिहाई हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में हैं तो इस पाप को करने का काम नेहरू ने किया था। अगर, जम्मू-कश्मीर का मामला सरदार वल्लभ भाई पटेल के पास होता तो पाक के कब्जे में कश्मीर का हिस्सा नहीं होता, बल्कि पूरा कश्मीर भारत का होता। पंडित नेहरू हिन्दी-चीनी भाई-भाई करते रहे और चीन ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कांग्रेस ने किया।

जो बूथ रह गए हैं उन पर पकड़ करें मजबूत
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देशभर में विपक्ष बिखर चुका है। दिल्ली में भाजपा ने 13 हजार बूथों में से 12 हजार पर विजय हासिल की है। अब हमें बचे हुए बूथ पर 50 फीसद से अधिक मतदाताओं को भाजपा का सदस्य बनाना है।

मेरा मानना है कि अगर अंतरिक्ष में भी कोई देश हो तो वहां पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सबसे लोकप्रिय नेता होंगे। भाजपा सदस्यता अभियान में एक रिकॉर्ड कायम करेगी। इसमें सभी धर्म, जाति, वर्ग के लोगों को शामिल कर पार्टी समय से पहले लक्ष्य को पूरा करेगी। लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के बाद अब दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा अपना परचम लहराएगी।
मनोज तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली

भाजपा समाज के सभी वर्गों के साथ सेवा बस्तियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हमारा नारा है कि लोग देश बनाने के लिए भाजपा में आएं, क्योंकि भाजपा के मन में देश सेवा है और विपक्ष के मन में केवल अपनी सेवा है।
रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.