यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनोज तिवारी के निवेदन को स्वीकार करेंगी आतिशी? नई CM को भाजपा सांसद ने खत में क्या-क्या लिखा
Delhi CM Atishi आतिशी के शपथ लेने के बाद मनोज तिवारी ने उन्हें लिखा है। जिसमें उन्होंने दिल्ली के विकास ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी को भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने पत्र लिखा है। जिसमें बधाई भेजी है, उसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में विकास कामों को लेकर चिंता जताई है। इसके अलावा आबकारी नीति को लेकर भी जांच की मांग की है।
उन्होंने पत्र में लिखा,
दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर आपको बधाई और शुभकामनाएं, उम्मीद करते हैं कि आप दिल्ली की चरमराई व्यवस्था पर अवश्य ध्यान देंगी। आपसे पहले साढ़े नौ साल अरविंद केजरीवाल ने तो सिर्फ ब्लेम गेम कर करके दिल्ली को बहुत नुकसान दिया है, अब आपने दिल्ली की जनता की सेवा करने के लिए संविधान की शपथ ले ली है।
मैं दिल्ली का एक सांसद होने के नाते आपसे उम्मीद भी रखता हूं और निम्नलिखित निवेदन भी करता हूं-
- आपको तत्काल इनक्वायरी ऑर्डर करना चाहिए कि
- शराब नीति वापस क्यों ली गई और इसमें कितने राजस्व का नुकसान हुआ?
- स्कूल के सेमी परमानेंट स्ट्रक्चर लोहे की कड़ी कुंडी वाले छत वाले कमरे जो 5 लाख में बनते हैं वो 25 लाख में कैसे बने?
- इसके साथ ही तत्काल आदेश दें कि सबसे जरूरी MCD (दिल्ली नगर निगम) के तहत आने वाली गलियां और PWD (लोक निर्माण विभाग) की सड़के ठीक करवाएं, क्योंकि अधिकतम टूटी पड़ी हैं।
आप से दिल्ली की जनता की तरफ से निवेदन है कि बिजली और पानी के बढ़े बिल कम करें, जनता की जो जेब काटी गई है उसे वापस भी करवाएं। गरीब या मिडल क्लास से लेकर व्यापारी तक परेशान हैं। इतना पानी-बिजली का बिल कैसे आ रहा है?
दिल्ली को अपनी तीसरी महिला मुख्यमंत्री से बहुत उम्मीद है कि वो तत्काल परेशानियों को दूर करेंगी और अगर पूर्व मुख्यमंत्री अपनी नाकामीयों को छिपाने के वास्ते आपको काम करने से रोकें तो आप हम सांसदों को भी बताएं हम दिल्ली के विकास के लिए आप के साथ हैं।
