नई दिल्ली, जागर संवाददाता। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब भाजपा नेता जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। लोकसभा चुनाव में जीत दोहराने के लिए प्रत्येक वर्ग को साधने की कोशिश होगी और इसके लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में तेलंगाना की तरह दिल्ली में दोपहिया यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी शामिल होंगे।

यह कोशिश होगी कि अध्यक्ष प्रत्येक बूथ तक पहुंचें। उनके साथ प्रदेश के नेताओं के साथ स्थानीय कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने दिल्ली के नेताओं को परंपरागत वोट बैंक को जोड़े रखने के साथ नए वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कहा है। प्रत्येक वर्ग के बीच पार्टी के समर्थक बढ़ें, इसे ध्यान में रखकर कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं।

बाइक से हर बूथ पहुंचेंगे भाजपा नेता

लोगों की समस्याओं की पहचानकर कार्यकर्ता उसे जोरदार तरीके से उठाएंगे। नेताओं को कार्यालय में रहकर राजनीति करने की जगह जनता के बीच जाकर संवाद बढ़ाने के लिए कहा गया है। इसके लिए पार्टी ने जनांदोलन यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस यात्रा में नेता और कार्यकर्ता दोपहिया वाहन से प्रत्येक बूथ पर पहुंचेंगे।

भाजपा नेताओं ने बताया कि तेलंगाना में पार्टी दोपहिया यात्रा निकाल चुकी है, जिसके सकारात्मक परिणाम मिले हैं। वहां पार्टी समर्थकों की संख्या बढ़ी है। दिल्ली में भी इस तरह की यात्रा फरवरी अंत या मार्च के पहले सप्ताह से निकालने की योजना है।

मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को किया जाएगा जागरूक

इससे पहले मंडल स्तर पर बैठक करके कार्यकर्ताओं को जागरूक किया जाएगा। जनांदोलन यात्रा में प्रत्येक बूथ को शामिल किया जाएगा। अबतक पार्टी मुस्लिम बहुल इलाके में ज्यादा मेहनत नहीं करती थी, लेकिन इस यात्रा में इन्हें नजर अंदाज नहीं किया जाएगा। अन्य बूथ की तरह मुस्लिम इलाके में पड़ने वाले सभी बूथ पर प्रदेश अध्यक्ष जाएंगे। मंडल स्तरीय बैठक में यात्रा का मार्ग तैयार किया जाएगा, ताकि कोई बूथ अछूता न रह जाए।

भाजपा नेताओं का कहना है कि जनांदोलन यात्रा का मुख्य उद्देश्य पार्टी का जनाधार बढ़ाना और कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगाना है। इसी तरह के जनसंवाद व जनसंपर्क के कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छोटी बैठकों पर ज्यादा जोर दिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों से सीधा संवाद हो सके।

Also Read-

Virender Sachdeva के राजनीतिक भविष्य पर जल्द होगा फैसला, BJP प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में ये नाम शामिल

Edited By: Abhishek Tiwari